एसपी पहुंचे गांव, लिया जायजा
कोडरमा: थाना क्षेत्र के पांडेयडीह में मंगलवार देर शाम करीब 8 बजे धार्मिक जुलूस की वापसी के दौरान किसी बात को लेकर दो गुट आपस में भिड़ गये। दोनों गुट के बीच हुई इस झड़प में दोनों पक्ष के लगभग 16 लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही एसडीपीओ कोडरमा, थाना प्रभारी, कोडरमा सीओ सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे व लोगों से बातचीत की। देर रात दोनों तरफ के अमनपसंद लोग प्रशासन के सहयोग से मामला शांत कराने में जुटे रहे।
जानकारी के अनुसार धार्मिक आयोजन को लेकर जुलूस निकाला गया था, वापसी के क्रम में जुलूस में शामिल कुछ युवक एक जगह पर खाने के लिए रुके। इसी दौरान किसी बात को लेकर झड़प शुरू हो गयी। बात बढ़ी, तो पथराव होने लगा। जिसमे 16 लोग घायल हो गए जिसे इलाज के लिए कोडरमा सदर अस्पताल लाया गया। फिलहाल पांडेयडीह की स्थिति पूरी तरह से नियंत्रित है और पुलिस के आला अधिकारी वहां कैम्प किये हुए है। इधर बुधवार को सुबह मामले की जांच के लिए एसपी तामिल वाणन ने पांडेयडीह गांव का दौरा किया और स्थिति का जायजा लिया। साथ ही लोगों से शांति बनाए रखने की अपील किया। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और लोगों को आपसी सौहार्द बनाये रखने में आगे आने की अपील किया जा रहा है।