यूपी के हाथरस में बेटी से छेड़छाड़ का विरोध करने पर पिता को मारी गोली, योगी ने दिया कठोर कार्रवाई का आदेश

हाथरस (Hathras, Utttar Pradesh) : पिछले साल दुष्कर्म के एक मामले को लेकर चर्चा में आया उत्तरप्रदेश का हाथरस जिला फिर चर्चा में है। हाथरस के सासनी क्षेत्र के नौजरपुर गांव में सोमवार, एक मार्च 2021 की शाम एक व्यक्ति की अपराधियों ने बेटी से छेड़छाड़ का विरोध करने व केस वापस नहीं लेने पर गोली मार कर हत्या कर दी। हाथरस के नौजरपुर के 52 वर्षीय किसान अमरीश शर्मा पर सोमवार की शाम उस समय अंधाधुंध गोलीबारी की गयी जब वे अपने खेत में आलू की खुदाई में लगे थे।


उन पर हमला करने वाले अपराधियों के रूप में गौरव शर्मा, रोहिताश शर्मा, निखिल शर्मा और ललितेश शर्मा को चिह्नित किया गया है। इनके साथ इस वारदात को अंदाज देने में दो और लोग शामिल थे। ये लोग हथियारों से लैस होकर अमरीश शर्मा के खेत में पहुंचे और उनकी बेटी की ओर से छेड़छाड़ के दर्ज कराए गए केस को वापस लेने के लिए धमकी देने लगे। अपराधियों ने उन्हें मुकदमा वापस लेने को कहा जिसे नहीं मानने पर उन पर कई राउंड की फायरिंग कर दी जिससे अमरीश शर्मा वहीं पर गिर पड़े।

बाद में पुलिस की मदद से उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डाॅक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनकी बेटी ने छह लोगों के खिलाफ छेड़खानी का केस दर्ज कराया था।

इस घटना की सोशल मीडिया व अन्य जगहों पर निंदा हो रही है। आम आदमी पार्टी के सांसद व यूपी के पार्टी प्रभारी संजय सिंह ने एक ट्वीट कर घटना की निंदा की है और सीएम योगी आदित्यनाथ से सवाल पूछा है।


उधर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस मामले में अधिकारियों को सख्त कार्रवाई का आदेश दिया है। उन्होंने इस अपराध में शामिल सभी आरोपियों पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून लगाने का निर्देश दिया है। कहा जा रहा है कि इस घटना का एक मुख्य आरोपी गौरव शर्मा मुख्य विपक्ष समाजवादी पार्टी से जुड़ा है। इस मामले में अबतक दो लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More