नए साल में ठंड व शीत लहर ने उत्तर भारत में लोगों की बढायी परेशानी

नयी दिल्ली : नए साल में ठंड एवं शीत लहर ने उत्तर भारत में लोगों की परेशानी बढा दी है। उत्तरप्रदेश, बिहार, झारखंड सहित ज्यादातर उत्तर भारतीय राज्यों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है और तापमान नीचे चला गया है। अगले कुछ दिनों में ठंड का प्रकोप इसी तरह जारी रहने की संभावना है।

उत्तरप्रदेश के कानपुर में शीत लहर के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यहां के एक व्यक्ति ने बताया, बहुत ज़्यादा ठंड है। ठंड से बचने के लिए हम कूड़े और बोरियां लाकर उसे जलाते हैं और आग तापते हैं। बहुत दिक़्क़ते हो रही हैं।


वहीं, दिल्ली में सर्द हवाओं के साथ ठंड में इजाफा हुआ है। दिल्ली के एक व्यक्ति ने न्यूज एजेंसी एएनआइ से कहा, ठंड इतनी ज़्यादा है कि हाथ-पैर सही से काम नहीं कर रहे हैं। ऐसे में चाय ही एक मात्र सहारा है।

उधर, प्रयागराज में ठंड के चलते शहर में घना कोहरा देखने को मिला। कोहरे के चलते लोगों को काफ़ी दिक़्क़त हो रही है। रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब में तीन जनवरी तक शीत लहर से राहत नहीं मिलेगी।


मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में चार एवं पांच जनवरी को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में हल्की बारिश के साथ बर्फबारी के भी आसार हैं।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More