#GautamNavlakha गौतम नवलखा ने भीमा कोरोगांव हिंसा मामले में किया सरेंडर

नयी दिल्ली : सामाजिक कार्यकर्ता गौतम नवलखा ने आज भीमा कोरेगांव हिंसा मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी, एनआइए के सामने सरेंडर कर दिया. उन पर गैरकानूनी गतिविधि निवारक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुणे पुलिस ने एक जनवरी, 2018 को पुणे के निकट भीमा कोरेगांव में हिंसा को लेकर माओवादियों से कथित संबंध और अन्य आरोपों में उनके खिलाफ मामला दर्ज किया था.
मंगलवार को आत्मसमर्पण करने से पहले उन्होंने एक खुला खत लिखते हुए यूएपीए की आलोचना की. उन्होंने लिखा कि ऐसे कानून सामान्य न्याय की अवधारणा को बर्बाद कर देते हैं. उन्होंने लिखा कि अब यह स्वयंसिद्ध नहीं है कि कोई व्यक्ति तब तक निर्दाेष माना जाएगा जबतक वह दोषी साबित नहीं हो जाता. वास्तव में ऐसे कानून के तहत एक आरोपी तब तक दोषी है, जब तक वह निर्दाेष साबित न हो जाए.
उन्होंने सबूतों को एकत्र करने व उसे पेश करने के तरीके की निंदा की है. बीते 16 मार्च को सुप्रीम कोर्ट ने गौतम नवलखा एवं आनंद तेलतुम्बड़े को आत्मसमर्पण के लिए तीन सप्ताह का समय दिया था.




