आज पेश होगा झारखंड का बजट, आर्थिक सर्वे में मिली राज्य की खराब आर्थिक हालत की झलक

 

रांची : झारखंड का बजट तीन मार्च 2021, दिन बुधवार विधानसभा में पेश किया जाएगा। राज्य के वित्तमंत्री डाॅ रामेश्वर उरांव का यह दूसरा बजट होगा। झारखंड का वर्ष 2021-22 का बजट करीब 90 हजार करोड़ रुपये का रहने का अनुमान है। बजट पेश किए जाने से एक दिन पूर्व मंगलवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि इस बार का बजट बहुत मेहनत से तैयार किया गया है और इसमें हर तबके का ध्यान रखा गया है।

बजट में अगले वित्तीय वर्ष में किसानों का कर्ज माफ करने के लिए 1500 करोड़ रुपये का प्रावधान किए जाने की संभावना है। इसके साथ कुछ पुरानी योजनाओं को समाप्त कर कुछ नयी योजनाएं शुरू करने का ऐलान किया जा सकता है। बजट में कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, सामाजिक सुरक्षा पर विशेष जोर होने की संभावना व्यक्त की जा रही है। कोरोना के बाद पेश किए जाने वाले इस पहले बजट पर उसक प्रभाव भी दिखेगा और महामारी से उत्पन्न आर्थिक व रोजगार संकट से निबटने के उपाय सरकार इसमें करती दिख सकती है।

राज्य की आर्थिक हालत बेहद खराब

बजट पेश किए जाने से पहले मंगलवार को विधानसभा में वित्तमंत्री रामेश्वर उरांव ने राज्य का आर्थिक सर्वे पेश किया, जिसमें खराब आर्थिक सेहत का खुलासा हुआ। आर्थिक सर्वे में कहा गया है कि राज्य का भौगोलिक क्षेत्र देश के भौगोलिक क्षेत्र का 2.4 प्रतिशत है और आबादी देश की आबादी के 2.5 प्रतिशत है, लेकिन देश के सकल घरेलू उत्पादन में राज्य का योगदान मात्र 1.6 प्रतिशत है। साल 2014-15 से 2018-19 के बीच राज्य की औसत वार्षिक विकास दर देश की औसत आर्थिक विकास दर से कम हो गयी है। जारी वित्त वर्ष में कोविड19 के कारण राज्य की विकास दर पर बुरा प्रभाव पड़ा है। इस दौरान स्थिर मूल्य पर राज्य की विकास दर में 6.9 प्रतिशत और प्रचलित मूल्य पर 3.2 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गयी है।

आर्थिक सर्वे में कहा गया है कि नया कृषि कानून राज्य के हित में नहीं है। चालू वित्त वर्ष में राज्य का कर्ज एक लाख करोड़ रुपये से अधिक होने का अनुमान है। बढते राजकोषीय घाटे से राज्य पर कर्ज बढता जा रहा है। प्रति व्यक्ति आय के मामले में झारखंड देश में 27वें स्थान पर है।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More