पुरी रथयात्रा पर सुप्रीम कोर्ट ने अपने ही फैसले को बदला, अनुमति मिलने से देश में खुशी का माहौल

नयी दिल्ली : सुप्रीम कोर्ट ने आज ऐतिहासिक पुरी रथयात्रा को मंजूरी दे दी. ओडिशा के पुरी में हर साल होने वाले भगवान जगन्नाथ की वार्षिक यात्रा को सुप्रीम कोर्ट की मंजूरी मिलने से देश में खुशी का माहौल है. हालांकि कोरोना महामारी के कारण इसके लिए कुछ नियम व शर्तें भी रहेंगी. इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले की सुनवाई करते हुए भगवान जगन्नाथ से क्षमा मांगते हुए कहा था कि मौजूदा संक्रमण के हालात में इसकी अनुमति नहीं दी जा सकती है.
सुप्रीम कोर्ट ने आज कहा कि पुरी रथयात्रा का आयोजन का मंदिर समिति, राज्य एवं केंद्र सरकार मिल कर करेगी और इसमें स्वास्थ्य संबंधी मुद्दे से कोई समझौता नहीं किया जाएगा. मामले की सुनवाई मुख्य न्यायाधीश एसए बोबडे की अध्यक्षता वाली खंडपीठ ने की.
सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि अगर राज्य सरकार को स्थिति नियंत्रण से बाहर जाते लगे तो वह फैसला वापस ले सकती है. उधर, ओडिशा के मुख्यमंत्री सुप्रीम कोर्ट की अनुमति के बाद रथयात्रा को लेेकर एक अहम बैठक कर रहेे हैं.
इस फैसले के बाद गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि आज का दिन हम सभी के लिए खास है, खास कर हमारे ओडिया बहनों एवं भाइयों के साथ-साथ महाप्रभु श्री जगन्नाथ जी के भक्तों के लिए. रथयात्रा चलती रहे, यह सुनिश्चित करने के फैसले से पूरा देश प्रसन्न है.


