आदिवासी छात्र संगठन ने दुमका व साहिबगंज रेप कांड का जताया विरोध, केंद्र व राज्य से कठोर कानून की मांग

दुमका : संताल परगना महाविद्यालय, दुमका के समीप आदिवासी छात्र संगठन की दुमका इकाई ने शनिवार को रामगढ नाबालिग रेप कांड का विरोध जताया. मालूम हो कि रामगढ़ में पांचवी कक्षा में पढने वाली नाबालिग छात्रा के साथ दरिंदों ने ट्यूशन से लौटने वक्त गैंगरेप किया था और उसके बाद उसकी हत्या कर दी थी.

आदिवासी छात्र संगठन ने सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं स्थानीय पुलिस प्रशासन की कड़ी निंदा करते हुए पुतला दहन किया. साथ ही इन घटनाओं का अंजाम देने वाले दरिंदे अपराधियों को अविलंब गिरफ्तार कर फांसी की सजा देने की मांग की.

इस घटना से कुछ दिन पहले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत पतना प्रखंड में एक आदिवासी बहन के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना घटी थी और फिर उसकी हत्या कर दी गयी थी.

आदिवासी छात्र संगठन ने कहा कि सरकार ने इस विषय को अभी तक गंभीरता से नहीं लिया है. साथ ही कोई कठोर कदम अपराधियों के खिलाफ नहीं उठाया गया. संगठन का कहना है कि अभी तक पतना सामूहिक दुष्कर्म व हत्या मामले में सभी अपराधियों की गिरफ्तारी भी नहीं हुई है. इसी कारण से अपराधियों का मनोबल बढ़ता जाता है और रेप व हत्या की घटना दिन प्रतिदिन बढती जा रही है. संगठन ने कहा कि यह महिलाओं व समाज के लिए घातक है. समाज में महिलाएं आज अपने आप को असुरक्षित महसूस करती हैं. इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए केंद्र सरकार एवं राज्य सरकार को नया कानून लाना चाहिए जिसमें फांसी की सजा का प्रावधान हो.

संगठन ने दोनों घटनाओं के सभी दोषियों को गिरफ्तार कर कठोर सजा देने की मांग की.

आदिवासी छात्र संगठन के प्रतिनिधियों ने दुमका पोस्टमार्टम हाउस में पीड़ित परिवार से भी मुलाकात व बातचीत की. इस दौरान पीड़ित परिवार ने बताया कि पार्थिव शरीर के साथ मौजूद लोगों को खाना भी उपलब्ध नहीं कराया गया. परिजन शव को एक टेंपो से ले जा रहे थे, जिस पर संगठन ने नाराजगी जतायी और कहा कि कि इसके लिए प्रशासन की ओर से एंबुलेंस का प्रबंध किया जाए. संगठन के दबाव पर इसका प्रबंध भी किया गया.

श्यामदेव हेंब्रम, राजेंद्र मुर्मू, जोसेफ बास्की, ठाकुर हांसदा, थॉमस मुर्मू, मुनीलाल हांसदा, उपेंद्र मरांडी, सुलिश सोरेन, फ्रांसिस टूडू, प्रदीप मुर्मू, रवीेंद्र मरांडी, मंगल सोरेन, बादल किस्कू, जॉनाथन किस्कू, हरेंद्र हेंब्रम, संजय हांसदा, उपेंद्र मुर्मू, सोनत टूडू, विराज मरांडी इत्यादि उपस्थित थे.

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More