ऋषि कपूर : वह लड़का बगल वाले मुहल्ले में रहता था…

दिग्गज अभिनेता ऋषि कपूर के निधन पर हर क्षेत्र के लोग उन्हें अपने-अपने अंदाज में श्रद्धांजलि दे रहे हैं. हम आपको आज यहां सोशल मीडिया पर उनके लिए लिखी गयी कुछ उम्दा पंक्तियों व भावों से अवगत करा रहे हैं. पत्रकार अखिलेश प्रताप सिंह ने लिखा : वह लड़का बगल वाले मुहल्ले में रहता था… लगता था लेकिन मेरे मुहल्ले का… लोग देखते तो बस देखते रह जाते उसे… तेरे चेहरे से नजर नहीं हटती, नजारे हम क्या देखें टाइप माहौल बन जाता था…
थोड़ी देर के लिए तो उसके सामने कोई ठहरता ही नहीं था…हां, वो बेलबॉटम पैंट पहनने वाला अपना बांका अमर और गले में रूमाल बांधे और होठों में बीड़ी दबाए ज्वालामुखी सा घूमता अपना विजय भी नहीं…
इसकी आसमानी सी लगने वाली कौंध के सामने थोड़ी देर को सब फीके पड़ जाते थे… कौन अनसुना कर सकता था उस अदा को… क्या तुमने कभी प्यार किया? क्या कभी किसी को दिल दिया? उस किलर से बचना नामुमकिन था…
क्या उमर थी, क्या समां था, क्या जमाना था… इक हसीना थी, इक दीवाना था…
लेकिन फिर बात वहीं आ जाती थी कि वह बगल वाले मुहल्ले का था… उसकी मुहब्बतों से रश्क होता था… उसकी नफासत परी लोक सी थी… वह मेरे लिए लड़ता तो भी लगता कि बस थोड़ी देर बाद यह अपनी दुनिया में लौट जाएगा…
अलविदा देवधर… बगल के मुहल्ले में प्रेम गीत गाने वाली और अपने यहां ऑनर किलिंग करने वाली दुनिया ने प्यार में सौदा नहीं करने की तुम्हारी बात न जाने कितनी सुनी, कितनी अनसुनी की…
पत्रकार राजीव रंजन श्रीवास्तव ने लिखा : बिछड़े सभी बारी-बारी… आज एक और सितारा इस जहाँ से कहीं दूर चला गया. एक दमदार अभिनेता और शानदार इंसान थे ऋषि कपूर. आपने अपने अभिनय से लोगों के दिलों पर राज किया है. ईश्वर आपकी आत्मा को शांति प्रदान करें.


