रांची के अखबार : रांची की दूसरी कोरोना मरीज मलेशियाई महिला के संपर्क में नहीं आयी थी, लाॅकडाउन पर मंथन, अन्य खबरें

प्रभात खबर की आज की लीड खबर की हेडिंग है: झारखंड में चैथ और रांची में दूसरा कोरोना मरीज मिला, हिंदपीढी सील. रांची की हिंदीपीढी की एक महिला को रांची के दूसरे मरीज के रूप में चिह्नित किया गया है. अखबार ने इससे जुड़ी अंदर के पेज पर खबर दी है कि मलेशियाई महिला के संपर्क में नहीं आयी थी, मामला गंभीर है.
कवर पेज – 2 पर लीड खबर है : पीएम बोले कोरोना के खिलाफ लड़ाई लंबी, सांसद निधि दो वित्तीय वर्ष के लिए निलंबित. अखबार ने लिखा है कि केंद्रीय कैबिनेट ने बड़े फैसले लिए और कोरोना से लड़ने के उपायों पर चर्चा की गयी. सांसद निधि रोकने से 7900 करोड़ रुपये बचेंगे जो राहत कार्य में खर्च होंगे. खबर में इस बात का उल्लेख है कि तेलंगाना लाॅकडाउन को दो सप्ताह और बढाने के पक्ष में है और इसको लेकर प्रधानमंत्री से आग्रह किया है व अन्य राज्यों में इस पर मंथन चल रहा है. एक खबर है कि 24 घंटे में कोरोना से 28 मौत हुई है और 704 नए मामले सामने आए हैं. रांची से खबर है कि तकनीकी संस्थानों में वर्ष 2020-21 के कोर्स की संबद्धता प्रक्रिया स्थगित हुई. यह भी खबर है कि 15 अप्रैल से ट्रेनें चल सकती हैं और इस संबंध में फैसला मंत्रालय लेगा. एक स्टोरी है कि देश में कोरोना से लड़ाई के लिए भिलवाड़ा माॅडल लागू किया जा सकता है. भिलवाड़ा में कोरोना के कई मरीज मिले थे लेकिन 30 मार्च से वहां कोई नया मामला सामने नहीं आया है. एक खबर है कि केंद्र ने राज्य को मजदूरी मद में 602 करोड़ रुपये दिये.
हिंदुस्तान ने टाॅप बाॅक्स खबर दी है कि रांची में एक और महिला कोरोना पाॅजिटिव मिली है. वहीं एक दूसरी खबर है कि देश में कोरोना मरीजों की संख्या 4000 के पार पहुंच गयी है. यह खबर लीड मेें है कि सांसदों की निधि बंद कर दी गयी व उनके वेतन में 30 प्रतिशत कमी की गयी है. एक खबर है कि कोरोना का अभी सामुदायिक प्रसार नहीं हुआ है. यह खबर है कि महामारी से मौत पर बीमा दावा नहीं रोक सकते हैं. एक खबर है कि इंसानों के बाद जानवरों को भी क्वारंटाइन करेंगे.
दैनिक जागरण ने लाॅकडाउन पर लीड खबर दी है जिसका शीर्षक है: लाॅकडाउन से बाहर आने की तैयारी. अखबार ने लिखा है कि एक साथ यह नहीं हटेगा, कोरोना केसों के आधार पर राज्य चार कटेगरी में बंटेंगे. रांची से खबर है कि लाॅकडाउन के बाद बरकरार रहेगी सख्ती. रांची में एक और कोरोना पाॅजिटिव महिला के मिलने की खबर अखबार ने प्रमुखता से छापी है. अखबार ने यह खबर दी है कि न्यूयार्क पार्क में कोरोना पाॅजिटिव मिली बाघिन. इंश्योरेंस को लेकर खबर है कि कोरोना से मौत पर तुरंत मिलेगा क्लेम. सांसदों की निधि रोके जाने व वेतन में 30 प्रतिशत की कटौती किए जाने की खबर अखबार ने प्रमुखता से दी है. हेमंत सोरेन का बयान है कि राज्य में किसी को भी भूख से नहीं सोने देंगे. वहीं, हेमंत सरकार के 100 दिन पूरे होने पर खबर है: 100 दिन की सरकार: काम ने जोर पकड़ा तो कोरोना ने घेरा.
दैनिक भास्कर की लीड खबर है : हिंदपीढी में मिली दूसरी पाॅजिटिव महिला, कुछ ही दूरी पर ठहरी थी तबलीगी जमात से जुड़ी मलेशियाई युवती. अखबार ने लिखा है कि हिंदपीढी को सील कर दिया गया है और 72 घंटे तक 56 हजार लोगों के घर से निकलने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है. एक खबर है कि ट्रेनें चलेंगी लेकिन जिस जिले में एक भी कोरोना संक्रमित होगा वहां नहीं रूकेगी. दैनिक जागरण की तरह इस अखबार ने भी खबर दी है कि स्टेज के हिसाब से खत्म किया जाएगा लाॅकडाउन. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बयान है कि कोरोना से लंबी लड़ाई, थकना-हारना नहीं है. अखबार ने एक खबर दी है कि सर्जिकल मास्क पर हफ्ते भर रहता है कोरोना, इसलिए उसे छूने से बचें, शापिंग बैग को एक दिन यूं ही छोड़ दें, फिर खाली करें. यह खबर बीजिंग से है. एक खबर है कि डब्ल्यूएचओ के नाम से वायरल लाकडाउन का शिड्यूल फर्जी है. संगठन ने भी कहा है कि हमारा लाकडाउन से कोई प्रोटोकाल नहीं है.


