रांची के अखबारों की आज की सुर्खियां, तेज होगी भाजपा की धार, पांच नहीं आठ-नौ रैलियां करेंगे मोदी

रांची : झारखंड की राजधानी रांची से छपने वाले अखबारों में आज रघुवर दास एवं सरयू राय के राजनीतिक टकराव की खबरें अहम हैं.
प्रभात खबर ने खबर दी है कि भाजपा की चुनावी धार तेज होगी. अखबार ने ही इसे लीड खबर बनाया है और लिखा है कि आजसू से गठबंधन टूटने के बाद भाजपा बागियों से निबटेगी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह, राजनाथ सिंह एवं योगी आदित्यनाथ पार्टी के लिए प्रमुख प्रचारक होंगे. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहले पांच जनसभाएं करने वाले थे, लेकिन नये कार्यक्रम के अनुसार, वे आठ से नौ रैलियों को संबोधित करेंगे.
जमशेदपुर पूर्वी से भाजपा के रघुवर दास एवं निर्दलीय सरयू राय के नामांकन की खबर भी पहले पन्ने पर है. अखबार ने पहले पन्ने पर संसद में कल प्रधानमंत्री के संबोधन को हेडिंग दिया है: रूकावट के बजाय संवाद का रास्ता चुनें सदस्य. जमशेदपुर में जूनियर इंजीनियर सुरेश प्रसाद वर्मा के घर जब्त किए गए 2.45 करोड़ रुपये की जांच इनकम टैक्स विभाग द्वारा नहीं कर पाने की खबर भी अखबार ने पहले पन्ने पर दी है. अखबार ने एक खबर दी है कि सेट यानी स्टेट इलेजीबिलिटी टेस्ट क्वाइलीफाइ छा़त्र-छात्रा देश में कहीं भी लेक्चरर बन सकते हैं, उन्हें नेट क्वालीफाइ करने से राहत रहेगी. अखबार ने अंदर के पन्ने पर खबर दी है कि दूसरे चरण के के लिए 300 नामांकन भरे गये, जिनकी जांच आज होगी.
हिंदुस्तान ने खबर दी है : रघुवर-सरयू मैदान में आमने-सामने. जमशेदपुर पूर्वी से दोनो ंप्रत्याशियों के नामांकन के संबंध में इस खबर में दोनों नेताओं का बयान भी है. रघुवर ने कहा है कि बहुमत की सरकार में कोई दाग नहीं लगा है, वहीं सरयू राय ने कहा है कि रघुवर दाग को नहीं धो पाएगा मोदी डिटर्जेट. अखबार ने सुदेश महतो के नामांकन की भी खबर दी है और लिखा है कि इस बहाने उन्होंने अपनी ताकत दिखायी है.
हिंदुस्तान ने राजनाथ सिंह के उस बयान को खबर बनाया है, जिसमें उन्होंने कहा है कि आतंकियों को सुरक्षित पनाह देने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए. जमानत के लिए सुप्रीम कोर्ट पहुंचे पी चिदंबरम यह खबर भी अखबार में है. शीत सत्र के पहले दिन संसद में हंगामे की खबर भी अखबार ने दी है.
दैनिक भास्कर ने लीड खबर की हेडिंग दी है : चुनावी शतरंज की बिसात पर अब सज गए मोहरे. अखबार ने राजा हेडिंग के साथ रघवुर दास की तसवीर छापी है और लिखा है घर की किलेबंदी में लगे. घोड़ा हेडिंग के साथ सरयू राय की तसवीर छापी है और लिखा है अबूझ है ढाई घर की चाल. वहीं, हाथी हेडिंग के सात सुदेश महतो की तसवीर छापी है और लिखा है बिसात पलटने का इरादा. अखबार के अनुसार, ये झारखंड की राजनीतिक शतरंज के मोहरे हैं.
भास्कर ने लिखा है कि बिहार-झारखंड में पहली बार किसी मुख्यमंत्री के खिलाफ उन्हीं के मंत्री चुनाव मैदान में उतरे हैं. अखबार ने लिखा है कि 25 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मेदिनीनगर एवं गुमला में जनसभा होगी. शरद पवार का बयान भी अखबार में है: अबतक सरकार पर कोई बात नहीं हुई.
दैनिक जागरण ने रघुवर दास के बयान को लीड खबर बनाया है: पांच साल दी बेदाग सरकार, फिर आएंग पूर्ण बहुमत से. अखबार ने नामांकन के लिए घर से निकलने से पहले उन्हें उनकी पत्नी द्वारा तिलक लगाने की तसवीर पहले पन्ने पर दी है. अखबार ने एक खबर दी है: रघुवर, सरयू, सुदेश, नीलकंठ सहित कई दिग्गजों ने भरे पर्चे. इस अखबार ने एक खबर दी है जो ध्यान खींचती है: अब बिना महिमामंडल के होगा नक्सलियों का आत्मसमर्पण. पुलिस महकमे ने यह निर्णय लिया है कि नक्सलियों का आत्मसमर्पण अब सामान्य तरीके से कराया जाएगा. बिहार में 16 लाख रिश्वत लेने इंजीनियर के पकड़ाने एवं शरद पवार के बयान से महाराष्ट्र में सरकार गठन का सस्पेंस गहराने की खबर भी अखबार में पहले पन्ने पर है.


