रांची के अखबार : आज से जमीन की बढी कीमतें लागू, बीएस -4 वाहनों के रजिस्ट्रेशन पर लगी रोक, अन्य खबरें

हिंदुस्तान ने लीड खबर बाबा बैद्यनाथ मंदिर के संबंध में सुप्रीम कोर्ट में हुई सुनवाई को ही बनाया है. अखबार ने हेडिंग दिया है : बाबाधाम खोलने पर विचार करे सरकार: सुप्रीम कोर्ट. अखबार ने लिखा है कि भाजपा सांसद निशिकांत दुबे की याचिका पर शीर्ष अदालत ने झारखंड सरकार को सुझाव दिया है. वहीं, दूसरी अहम खबर है कि रांची में एएसआइ की पत्थर से कूचकर हत्या कर दी गयी. कामेश्वर रविदास नामक एएसआइ ने रिम्स में कोविड ड्यूटी पर चार माह से तैनात थे.
अखबार ने खबर दी है कि ग्रामीण इलाकों में जमीन की बढी दर आज एक अगस्त से प्रभावी हो गयी है. 10 प्रतिशत तक जमीन महंगी हो गयी है. डीसी ने इस संबंध में आदेश जारी किया है. व्यावसायिक भूमि की दर कृषि भूमि से 200 प्रतिशत अधिक होगी. इसी तरह आवासीय भूमि की दर कृषि भूमि से 100 प्रतिशत अधिक होगी. यानी कृषि भूमि से दोगुनी आवासीय भूमि व तीन गुनी कीमत व्यावसायिक भूमि की होगी. अखबार ने खबर दी है कि कोरोना से झारखंड में 12 और मरीजों ने दम तोड़ा व 914 नए मरीज मिले.
प्रभात खबर ने लीड खबर बाबाधाम व बासुकीनाथ मंदिर के संबंध में सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई को बनाया है. सुप्रीम कोर्ट ने राज्य सरकार को सलाह दी है कि बाबाधाम मंदिर में दर्शन की अनुमति देने के संबंध में सरकार विचार करे. अदालत ने कहा कि देश में सब चीजें खुल रही हैं तो धार्मिक स्थल क्यों नहीं. बीएस 4 वाहनों के रजिस्ट्रेशन पर रोक लग गयी है. यह रोक सुप्रीम कोर्ट ने लगायी है. सुप्रीम कोर्ट ने लाॅकडाउन में ऐसे वाहनों की बिक्री पर सवाल उठाया है. वहीं, लालू प्रसाद यादव की सुरक्षा में तैनात एएसएस कामेश्वर रविदास की रांची के तुपुदाना इलाके में हत्या की खबर अखबार ने प्रमुखता से दी है. अखबार ने एक खबर दी है कि झारखंड के 23 विधायकों को गाड़ी चाहिए पर इसके लिए लोन नहीं मिल रहा है. अखबार ने टाॅप बाॅक्स खबर दी है कि कोरोना के लिए गए 7805 सैंपल में 866 नए संक्रमित मिले और दो की मौत हो गयी.


