रांची के अखबार : मजदूरों व छात्रों के सवाल पर हेमंत ने शाह से की बात, केंद्रीय कर्मियों की जेब पर चलेगी और कैंची

प्रभात खबर की लीड खबर है : लाॅकडाउन : राज्य में रियायत बढने का इंतजार, मुख्यमंत्री लेंगे निर्णय. अखबार ने लिखा है कि मुख्स सचिव ने इस संबंध में बैठक की है. इस पर सरकार के दो सीनियर मंत्रियों का अलग-अलग बयान है. रामेश्वर उरांव ने कहा है कि सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने वाले को छूट दी जा सकती है, वहीं आलमगीर आलम ने कहा है कि लाॅकडाउन में छूट देना उचित नहीं होगा. इसके साथ ही यह खबर है कि केंद्र ने दुकानों को खोलने के लेकर गाइडलाइन जारी कर दी है. केंद्र सरकार ने कपड़े, परचून व हार्डवेयर की दुकानें खोलने के आदेश दिए हैं, वहीं जो सर्विस आधारित शाॅप हैं वे नहीं खुलेंगी. झारखड के डीजीपी ने निर्देश दिया है कि जो पुलिसकर्मी अवकाश पर गए थे और उनके लौटने की तारीख 22 मार्च के बाद की थी, उन पर अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं करें, क्योंकि वे लाॅकडाउन मंे फंस गए होंगे. हाइकोर्ट का कथन है: ट्रांसजेंडर भी इंसान, राज्य के नागरिक, उनका राशन कार्ड कैसे बनेगा. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गृहमंत्री अमित शाह से बात की है और उनसे मांग की है कि वे बाहर फंसे मजदूरों औ छात्रों को लेकर केंद्र स्पष्ट निर्देश दे. उन्होंने कहा कि तीन मई बाद इस संबंध में स्पष्ट निर्देश दे, वहीं गृहमंत्री अमित शाह ने हेमंत सोरेन की इस मांग पर गंभीरता से विचार करने का भरोसा दिलाया. वहीं, खबर में यह उल्लेख है कि केंद्र अलग-अलग राज्यों के बाहर फंसे प्रवासी श्रमिकों को उनके गृह राज्य में पहुंचाने को लेकर विचार विमर्श कर रही है.
अखबार ने अपने कवर पेज दो पर टाॅप में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को बदनाम करने के लिए रची गयी साजिश की खबर दी है. इसका शीर्षक है: साजिश रच थाली संग बैठाया सड़क पर, दो पत्रकार सहित पांच गिरफ्तार. यह मुख्यमंत्री के निर्वाचन क्षेत्र में पड़ने वाले साहेबगंज के पतना की घटना है. पुलिस ने यह कार्रवाई वायरल आॅडियो टेप के आधार पर की. एक खबर है कि रिम्स का स्त्री विभाग बंद, कर्मी क्वारंटाइन. अखबार ने खबर दी है कि राज्य में कोरोना के आठ नए मरीज मिले, इनमें पहली बार पलामू जिले में तीन मरीज व रांची का कांटाटोली में एक मरीज मिले. वहीं, हिंदपीढी इलाके में चार मरीज मिले. अकेले रांची के हिंदपीढी में कुल 42 कोरोना मरीज हो गए. राज्य के नौ जिलों में कोरोना पहुंच चुका है और कुल मरीजों की संख्या 67 हो गयी है. अखबार ने चतरा से एक खबर दी है कि दोस्तों ने रोटी बैंक बनाया और इससे गरीबों तक मदद पहुंचा रहे हैं. वहीं, लोहरदगा से एक खबर है कि किसान गन्ने की फसल केा जलाने पर मजबूर हैं.
हिंदुस्तान के कवर पेज पर दूसरी खबरें वहीं हैं जिन्हें प्रभात खबर ने जगह दी है. मसलन, रांची में कोरोना के पांच नए मरीज मिलना और हेमंत सोरेन का गृहमंत्री से बात करना एवं श्रमिकों को वापस लाने की मांग करना. अखबार ने दुकानें खोलने के संबंध में केंद्र के गाइडलाइन को लीड खबर बनाया है जिसका शीर्षक दिया है: रिहाइशी क्षेत्रों में दुकानें खुलेंगी. अखबार की एक खबर अलग है जो ध्यान खींचती है: केंद्रीय कर्मियों के भत्ते में कटौती की तैयारी. अखबार ने खबर दी है कि डीए रोकने के साथ वित्त मंत्रालय कुछ और भत्तों पर तीन महीने के लिए कैंची चलाने की तैयारी में हैं. इसमें लीन इनकैसमेंट, मेडिकल बिल, एलटीसी आदि शामिल है. मंत्रालय कार्यालयों के खर्च सहित कई अन्य खर्चाें पर नियंत्रण के उपाय तलाश रहा है. अखबार ने लातेहार के चंदवा से खबर दी है कि तीन लड़कियों के साथ गैंगरेप मामले में पांच लोग गिरफ्तार किए गए.
दैनिक जागरण की लीड खबर है : खुलने लगी गली मुहल्लों की दुकानें. अखबार ने लिखा है कि केंद्र सरकार से हरी झंडी मिलने के बाद राज्य सरकारों ने आगे बढाया छूट का सिलसिला. इसके साथ ही अखबार ने खबर दी है कि राज्य में दुकानें खुलने पर आज तसवीर साफ होगी. वहीं, यह खबर है कि कांटाटोली पहुंचा कोरोना, हिंदपीढी में चार और मरीज. हाइकोर्ट ने राज्य सरकार से पूछा है कि कोरोना से निबटने की कोई नीति है या नहीं. अदालत ने मरीजों की संख्या बढने पर चिंता जताते हुए कहा कि अभी सुपर गवर्नेंस की जरूरत है. अखबार ने एक खबर है कि अक्षय तृतीया को लेकर पहली बार सोने की आॅनलाइन खरीदारी हो रही है.


