रांची के अखबारों की सुर्खियां : जनसंख्या के अनुपात में आरक्षण की अड़चनों को दूर करेगी हेमंत सरकार, अन्य खबरें

रांची : रांची के अखबारों में आज कोरोना वायरस के खतरे को देखते हुए 14 अप्रैल तक सभी संस्थानों को राज्य सरकार द्वारा बंद रखने का फैसला सबसे अहम खबर है. इसके अलावा कई दूसरे खबरें हैं जो ध्यान खींचती हैं.

प्रभात खबर की लीड खबर है : झारखंड में 14 अप्रैल तक सभी विद्यालय, काॅलेज, पार्क, सिनेमाघर व शैक्षणिक संस्थान रहेंगे बंद. यह कदम कोरोना वायरस से बचाव के लिए उठाया गया है और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने स्वयं इसका एलान किया. अखबार ने इसके साथ ही खबर दी है कि 200 साल में पहली बार सिद्धि विनायक मंदिर बंद किया गया और महाकाल की भस्म आरती के दर्शन पर रोक लगी. अखबार ने इससे जुड़ी धनबाद से खबर दी है कि आइआइटी आइएसएम के हाॅस्टल खाली करने के निर्देश दिए गए हैं. टाटा स्टील द्वारा वर्क फ्राॅम होम आदेश जारी किए जाने की खबर भी है. वहीं, पहले पन्ने बाॅटम में खबर है कि एमवी राव झारखंड के नए डीजीपी निुयक्त किए गए है. वहीं, अबतक इस पद पर रहे कमल नयन चौबे को दिल्ली भेज दिया गया. अंदर के पन्ने पर टोरी से एक खबर है कि आर्मी का सामान ले जा रही ट्रेन हुई डिरेल, सात घंटे ठप रहा आवागमन. अखबार ने कवर पेज – 2 पर खबर दी है कि पूर्व मुख्य न्यायाधीश रंजन गोगोई को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने राज्यसभा के लिए नामित किया. वहीं, संजीवीन ग्रुप के निदेशक श्याम किशोर को मनी लाउंड्रिंग मामले में 10 दिन के रिमांड पर भेजने की खबर भी है. रांची दूरदर्शन के डिप्टी डायरेक्टर जनरल शैलेश पंडित को रिश्वत मांगने के जुर्म में सीबीआइ कोर्ट द्वारा चार साल की जेल की सजा सुनाए जाने की खबर भी पहले पन्ने पर है. अखबार ने कवर पेज – 2 पर सरकार के तीन निर्णयों को लीड खबर के रूप में संयुक्त रूप से छापा है. इसमें एक ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को राहत देने, एससी-एसटी प्रमोशन में गड़बड़ी की जांच व तीसरी खबर है कि ओबीसी आरक्षण में आ रही बाधा को दूर करने के लिए प्रस्ताव केंद्र के पास भेजेंगे. सदन में ओबीसी आरक्षण को 14 प्रतिशत से बढा कर 27 प्रतिशत करने की मांग उठी थी.

हिंदुस्तान की लीड खबर का शीर्षक है: स्कूल-काॅलेज, सिनेमा हाॅल 14 तक बंद. यह कदम कोरोना वायरस के खतरे के मद्देनजर झारखंड सरकार ने उठाया है. अखबार ने लिखा है कि पहले से तय परीक्षा व काॅपियों का मूल्यांकन प्रभावित नहीं होगा. राज्य सरकार ने कोरोना से निबटने के लिए 200 करोड़ रुपये का विशेष फंड भी बनाया है. अखबार ने खबर दी है कि राज्य में चार और संदिग्ध मरीज मिले हैं, जिनकी जांच करायी जा रही है. वहीं, एमवी राव को नया डीजीपी बनाने व कमल नयन चौबे का ट्रांसफर करने की खबर भी है. आरबीआइ ने कहा है कि कोरोना से निबटने के लिए कई नीतिगत उपाय किए जा रहे हैं. अखबार ने निर्भया के दोषियों के फांसी से बचने के लिए अंतरराष्ट्रीय अदालत पहुंचने की खबर भी दी है. फसल को बारिश व ओलावृष्टि से हुए नुकसान का मुआवजा राज्य सरकार देगी. मुख्यमंत्री का यह संकल्प भी प्रमुखता से अखबार में है कि आबादी के अनुसार आरक्षण के लिए हर कोशिश करेंगे. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सदन में सदस्यों के सवालों का जवाब देते हुए यह बात कही.

दैनिक जागरण की लीड खबर भी वही है, शीर्षक जान लीजिए: 14 अप्रैल तक स्कूल, काॅलेज व सिनेमा घर बंद. सरकार ने कहा है कि सभी जिला अस्पतालों व प्रमुख प्राइवेट हाॅस्पिटल में आइसोलेशन वार्ड बनेगा. कोरोना वायरस से जुड़ी दिल्ली से खबर है कि यूरोप, तुर्की और ब्रिटेन के यात्रियों के प्रवेश पर रोक लगा दी गयी है. मध्यप्रदेश पर खबर है: मुख्यमंत्री कमलनाथ को राज्यपाल ने चेताया, आज ही साबित करें बहुमत. एमवी राव को राज्य का नया डीजीपी नियुक्त करने की खबर का शीर्षक है: सुप्रीम कोर्ट का आदेश दरकिनार, 10 माह में हटे डीजीपी. इस संबंध में सुप्रीम कोर्ट का आदेश है कि डीजीपी का कार्यकाल दो साल का होगा. विधानसभा में सरकार का बयान है कि जनसंख्या के अनुपात में आरक्षण की वैधानिक अड़चने सरकार दूर करेगी.

दैनिक भास्कर की लीड खबर भी वही है, सिर्फ शीर्षक की प्रस्तुति जान लीजिए: झारखंड के सभी स्कूल-काॅलेज, सिनेमाघर, पार्क 14 तक बंद, स्थिति सुधरी तो पहले भी खुल सकेंगे. कोरोना को लेकर केंद्र सरकार की सलाह है 31 मार्च तक यात्रा से बचें, लोगों से एक मीटर की दूरी बनाकर रखें. यह खबर भी है कि 18 महीने बाद रिटायर होने वाले एमवी राव को डीजीपी का प्रभार और पूर्व सीजेआइ रंजन गोगोई को राज्यसभा के लिए नामित किया गया.

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More