रांची के अखबार : रांची में धर्म के आधार पर इंस्पेक्टर को सब्जी देने से इनकार, अनुसूचित क्षेत्र में एसटी को 100% आरक्षण गलत, अन्य खबरें

प्रभात खबर की लीड खबर है : स्वास्थ्य कर्मियों पर हमला किया तो सात साल तक की होगी जेल. अखबार ने केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में लिए गए इस फैसले को लेकर लिखा है कि सरकार ने इस संबंध में अध्यादेश लाया है. गाड़ी या क्लिनिक को नुकसान पहुंचाने पर वसूला जाएगा दोगुणा हर्जाना. यह भी खबर है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 27 अप्रैल को एक बार फिर मुख्यमंत्रियों के साथ बात करेंगे व देश में कोरोना मरीजों की संख्या 20 हजार के पार पहुंच गयी है.मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का एक बयान है कि झारखंडियों ने अंग्रेजों को सामने घुटने नहीं टेके तो कोरोना महामारी की बाधा भी हम कर लेंगे पार. उन्होंने यह बात कोरोना महामारी को लेकर अपना रिपोर्ट कार्ड पेश करने के दौरान कही.एक खबर है: भाजपाइयों का उपवास, कोरोना पर सरकार को कोसा, कांग्रेस-झामुमो ने बताया नौटंकी. एक खबर है कि झारखंड में तंबाकू पदार्थ की बिक्री पर रोक लग गयी है और सार्वजनिक जगह पर थूका तो जेल हो सकती है. यह भी उल्लेख है कि अब राज्य में मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया है. पलामू के हुसैनाबाद से एक खबर है कि घरेलू जुगाड़ से सरकारी शिक्षक ने हैंड सेनिटाइजर मशीन बना दिया. संक्षेप में यह खबर है कि फेसबुक ने जियो में 10 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीद ली है, वहीं एक दूसरी खबर है कि अमेरिका में ग्रीन कार्ड पर दो महीने के लिए रोक लगा दी गयी.
अखबार के अंदर के पन्ने पर एक खबर है कि रांची के डोरंडा इलाके में एक इंस्पेक्टर को सब्जी विक्रेताओं ने धर्म विशेष का बता कर सब्जी देने से इनकार कर दिया. बाद में स्थानीय पुलिस ने इस मामले में हस्तक्षेप किया और पांच सब्जीवालों से पीआर बांड भरवाया व हिदायत दी कि भविष्य में वे ऐसा नहीं करेंगे.
अखबार के कवर पेज 2 पर लीड खबर है: हिंदपीढी में तीन और कोरोना पाॅजिटिव, गढवा में पहला केस. अखबार के अनुसार, राज्य में कोरोना संक्रमितों की संख्या 49 हो गयी, आठ ठीक हो गए और एक्टिव केस 36 रह गए हैं. एक खबर है कि रिम्स में प्लाज्मा थेरेपी से कोरोना का इलाज होगा. कोरोना के खौफ में अस्पताल के तीसरे माले से कूदकर आत्महत्या करने वाले युवक की कोरोना जांच रिपोर्ट निगेटिव आयी है. अखबार ने मेदिनी ज्योतिष के हवाले से एक खबर दी है कि जून से कमजोर, सितंबर में होगा कोरोना का अंत. हाइकोर्ट से एक खबर है कि बिना कार्ड भी लोगों को दे सकते हैं राशन. अखबार ने एक खबर दी है कि जेपीएससी परीक्षा में एक-एक घर से दो-दो लोग अपनी लगन से सफल हुए. जेपीएससी की टाॅपर बनीं हजारीबाग की सुमन गुप्ता के पति गौतम कुमार भी सफल हुए हैं, वे फिलहाल झारखंड पुलिस में सब इंस्पेक्टर हैं. बिहार में कोरोना के 15 नए मामले मिले है, वहीं बिहार के नवादा जिले में बर्ड फ्लू की वजह से हजारों मुर्गियों को दफनाया गया है.
हिंदुस्तान की लीड खबर है : डाॅक्टरों पर हमला किया तो सात साल जेल. हिंदपीढी में कोरोना के तीन और मरीज मिलने को भी अखबार ने प्राथमिकता के साथ छापा है. यह भी खबर है कि सूबे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर पूर्ण रोक लग गयी है और खुले में मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया गया है. यह खबर भी है कि इस साल अमरनाथ यात्रा नहीं होगी. वहीं, छठी जेपीएससी के रिजल्ट को लेकर खबर है कि प्रशासनिक सेवा में सुमन गुप्ता टाॅपर तो पुलिस सेवा में अंकिता. दोनों श्रेणी में महिलाओं ने टाॅप किया है. यह भी खबर है कि आयुष्मान कार्ड वाले देश में कहीं भी कोरोना का इलाज मुफ्त करा सकेंगे. यह खबर भी है जियो व फेसबुक देश में किराना का कारोबार करेंगे. एक खबर है कि देश में तीन लाख जांच किट तैयार, चार गुणा और बनेंगी. एक खबर है कि आर्थिक हालात बिगड़े तो दुनिया में भुखमरी बढेगी. एक खबर है कि अनुसूचित क्षेत्रों में एसटी को 100 प्रतिशत आरक्षण असंवैधानिक: सुप्रीम कोर्ट. सुप्रीम कोर्ट ने फैसला दिया है कि अनुसूचित क्षेत्रों में स्थित स्कूलों में अनुसूचित जनजाति वर्ग को 100 प्रतिशत आरक्षण देना अंसवैधानिक है, इसका असर झारखंड पर भी पड़ने के आसार है. हाइकोर्ट ने कहा है कि सरकार सिर्फ योजनाएं न बनाएं, लाभ भी पहुंचाए. हाइकोर्ट ने लाॅकडाउन में वकीलों को मदद पहुंचाने के संबंध में क्या योजना है इस पर भी सवाल पूछा है.
दैनिक भास्कर ने कोरोना के हाॅटस्पाट हिंदपीढी की टाॅप में एक तसवीर छपी है, जिसमें मुख्य गली में लोगों की जुटी भीड़ दिख रही है. अखबार ने इस पर लिखा है कि डराती है यह तसवीर, हिंदपीढी हाॅटस्पाट, 28 मरीज, फिर भी ऐसे जुट रही है भीड़. गढवा में मिले कोरोना के पहले मरीज को लेकर अखबार ने खबर लिखा है कि वह व्यक्ति रांची पथरी का इलाज कराने आया था, लेकिन कोरोना लेकर लौटा. रांची के लेक व्यू अस्पताल में वह कोरोना पीड़ित रिटायर्ड डीडीसी के बगल में भर्ती था.रिटायर्ड डीडीसी की पिछले दिनों मौत हो गयी. अखबार ने चेतावनी भरे हेडिंग के साथ खबर दी है कि अब मास्क पहन कर निकलिए वरना केस होगा एक साल सजा का प्रावधान. विराट कोहली का एक बयान है कि कोरोना महामारी को लेकर हम ज्यादा उदार हो गए हैं, उम्मीद है हमारा जज्बा बरकरार रहेगा.
दैनिक जागरण ने भी मेडिकल कर्मियों पर हमले को रोकने को केंद्र सरकार द्वारा लाए गए अध्यादेश को लीड खबर बनाया है, जिसका शीर्षक है: डाॅक्टरों-स्वास्थ्य कर्मियों पर हमला किया तो सात साल की जेल. मास्क अपनने को अनिवार्य किए जाने, थूकने व तंबाकू उत्पाद पर रोक को इस अखबार ने भी प्राथमिकता के साथ पहले पन्ने पर छापा है. अखबार ने रिलायंस व फेसबुक को गठजोड़ को पाॅजिटिव तरह से लिया है और इस खबर का शीर्षक दिया है: रिलायंस-फेसबुक गठजोड़ से देश के तीन करोड़ किराना दुकानदारों को लाभ होगा. अखबार ने लिखा है कि फेसबुक ने जियो में हिस्सेदारी खरीदी है. अखबार ने खबर दी है कि छठी जेपीएससी टाॅपर सुमन गुप्ता के पति गौतम कुमार ने भी इस परीक्षा में 32वां स्थान प्राप्त कर सफलता पायी है. वहीं, यह लिखा है कि अंकिता राय ओवर आॅल टाॅपर हैं.


