मुख्तार अंसारी गैंग के दो शूटर इनकाउंटर ढेर, रांची के जेल अधिकारी व प्रयागराज के राजनेता की हत्या की थी साजिश

प्रयागराज : उत्तरप्रदेश एसटीएफ ने प्रयागराज में दो शूटर को एक इनकाउंटर में मार गिराया। मारे गए दोनों शूटर मुख्तार अंसारी और मुन्ना बजरंगी के गैंग के लिए काम करते थे। अछैर इलाके के कछार में पुलिस से हुई मुठभेड़ में मारे गए शूटर का नाम वकील पांडेय उर्फ राजू पांडेय और अमजद उर्फ पिंटू हैं। उत्तरप्रदेश एसटीएफ के सीओ के अनुसार, इन दोनों ने वाराणसी में 2013 में डिप्टी जेलर अनिल त्यागी की हत्या कर दी थी। मुठभेड़ बुधवार रात हुई। राजू पांडे पर 50 हजार का इनाम भी घोषित था।

जानकारी के अनुसार, इन दोनों पेशेवर शूटरों ने मुन्ना बजरंगी की मौत के बाद दिलीप मिश्रा के लिए काम करना शुरू कर दिया था। जानकारी के अनुसार, भदोही जिले के रहने वाले इन दोनों शूटरों ने रांची के होटवार जेल के एक अधिकारी की हत्या की सुपारी ली थी। इसके साथ ही ये प्रयागराज में किसी प्रभावशाली व्यक्ति की हत्या करने वाले थे।

पुलिस ने इनके एनकाउंटर के बाद मौके से 30 व 9 एमएम की पिस्टल, कारतूस व खोखा बरामद किया। इसके साथ ही एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गयी। मालूम हो कि पिछले ही दिनों भदोही के विधायक विजय मिश्रा ने वकील पांडेय से अपनी जान को खतरा बताया था।


धनबाद के डिप्टी मेयर नीरज सिंह की हत्या में शामिल रहे मुन्ना बजरंगी का शार्प शूटर अमन सिंह इन दिनों रांची के होटवार जेल में बंद है। आजतक की रिपोर्ट के अनुसार, उसके कहने पर ही वकील पांडेय व अमजद अपने साथियों के साथ मिल कर होटवार जेल के अधिकारी की हत्या की साजिश रच रहे थे। हालांकि पिछले दिनों इनका एक साथी अयोध्या में पकड़ा गया था जिससे वे घटना को अंजाम नहीं दे पाए थे।

पुलिस को संदेह है कि ये दोनों अपराधी प्रयागराज में किसी महत्वपूर्ण राजनीतिक व्यक्ति की हत्या करने वाले थे। वकील पांडेय पर 20 व अमजद उर्फ पिंटू पर 24 मामले दर्ज हैं। इनके दूसरे साथियों की पुलिस तलाश कर रही है।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More