रांची : जेल में बंद पूर्व मंत्री एनोस एक्का को मैगजीन-गोली देने पहुंचा भतीजा हुआ गिरफ्तार

रांची : रांची के बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में गंभीर आर्थिक अपराध के आरोपों में बंद पूर्व मंत्री एनोस एक्का को गोली और मैगजीन देने पहुंचा उनका भतीजा पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर लिया है। मंत्री एनोस एक्का का भतीजा निरंतर एक्का 7.65 एमएम की गोली के साथ बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तारी के बाद पुलिस अधिकारियों ने 27 वर्षीय निरंतर एक्का से पूछताछ की और उसके बाद कोविड जांच कराने के बाद उसे जेल भेज दिया गया। निरंतर एक्का के पिता का नाम इब्राहिम एक्का है और वह सिमडेगा जिले के पक्केडाडा थाना क्षेत्र के ठेठईटांगर का रहने वाला है।

जानकारी के अनुसार, निरंतर एक्का बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा पहुंचा और अपने चाचा एनोस एक्का की बंडी कक्षपाल को दी और कहा कि इसे उसके चाचा तक पहुंचा दिया जाए। अंदर में जांच के दौरान उसमें मैगजीन और एक 7.65 एमएम की गोली मिली। इसके तुरंत बाद कक्षपाल व सुरक्षा में तैनात जवानों ने निरंतर एक्का को पकड़ लिया। उसके बाद उसे खेलगांव पुलिस के हवाले कर दिया गया।

इस मामले में बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा के अधीक्षक हामिद अख्तर की शिकायत पर खेलगांव थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी। इस मामले में आर्म्स एक्ट व प्रिजन एक्ट लगाया गया है। जांच में यह पता चला है कि बरामद गोली एवं मैगजीन एनोस एक्का की पत्नी मेनन एक्का के नाम पर लिए गए लाइसेंसी पिस्टल का है। एनोस एक्का की पत्नी मेनन एक्का भी कई मामलों में बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में बंद हैं।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More