रांची के अखबार : मधु कोड़ा पर मुकदमा के लिए सीबीआइ ने झारखंड सरकार से मांगी मंजूरी, अन्य खबरें

रांची : प्रभात खबर ने खबर दी है कि झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा पर मुकदमा चलाने के लिए सीबीआइ ने झारखंड सरकार से मंजूरी मांगी है. यह मामला कोयला खनन घोटाला से जुड़ा हुआ है. कोड़ा के अलावा पूर्व खनन सचिव जयशंकर तिवारी पर मुकदमा चलाने की मंजूरी मांगी गयी है. राजहरा उत्तर कोयला ब्लाॅक आवंटन में हुए भ्रष्टाचार मामले में मंजूरी मिलने के बाद सीबीआइ कोड़ा, तिवारी व अन्य के खिलाफ आरोप पत्र दायर करेगी. इस मामले में सीएम हेमंत सोरेन ने कहा है कि सरकार निष्पक्ष होकर काम करेगी.
लातेहार से खबर है कि उग्रवादियों ने अदालत लगाकर एक की हत्या कर दी और दूसरा व्यक्ति घायल है. यह छतवाकरम जंगल की घटना है जहां 45 वर्षीय कलटू उरांव की पीट-पीट कर हत्या कर दी गयी.
अखबार ने एक रिसर्च के हवाले से लीड खबर दी है कि कोरोना संक्रमण के फैलाव के लिहाज से झारखंड से ज्यादा खतरा बिहार में है. यह भी उल्लेख है कि संक्रमण के लिहाज से देश का 10वां सबसे संवेदनशील जिला देवघर है. अखबार ने खबर दी है कि देश में कोरोना की 40 करोड़ डोज बनेगी और एक डोज की कीमत एक हजार रुपये होगी. अखबार ने झारखंड चेंबर आॅफ कामर्स के उस फैसले को जगह दी है कि अब कोरोना संक्रमण की वजह से राज्य में सप्ताह के शुरुआत में चार दिन व्यापारिक प्रतिष्ठान खुले रहेंगे. शुक्रवार, शनिवार व रविवार को वे बंद रहेंगे. आवश्यक सेवाओं के प्रतिष्ठान हर दिन खुलेंगे. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने एक बैठक के बाद अधिकारियों को निर्देश दिया है कि सरकारी योजनाओं का लाभ हर किसान को मिले.


