रांची के अखबार : झारखंड के मजदूरों को भेजने के लिए नौ राज्यों ने मांगी सहमति, दीपक प्रकाश अब खतरे से बाहर

प्रभात खबर की आज की लीड खबर है : रेफ्रिजेरेशन में गड़बड़ी से विशाखापत्तनम में गैस रिसाव, 11 लोग मरे, 350 गंभीर. मृतक के परिजनों को एक-एक करोड़ के मुआवजे का एलान किया गया है और जो वेंटिलेटर पर हैं उन्हें 10 लाख दिया जाएगा. इस हादसे से भोपाल गैस त्रासदी की याद ताजा करा दी. कोरोना की दवा के लिए रिसर्च कर रहे रांची के एक शख्स का अखबार ने इंटरव्यू छापा है, इसका शीर्षक है: दुनिया के लिए कोरोना की दवा खोज रहे हैं रांची के अरुण, वर्जीनिया में दवा पर कर रहे शोध. बेतला नेशनल पार्क से खबर है कि दो हाथी की संक्रमण से मौत हो गयी है. यह खबर भी है कि पलामू में पांच कोरोना पाॅजिटिव मिलने से राज्य का आंकड़ा 132 पर पहुंच गया है. अखबार ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश को आये हार्ट अटैक को अस्पताल में भर्ती कराये जाने के बाद उनसे मुलाकात करते मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की तसवीर छापी है.
अखबार ने अपने कवर पेज 2 पर लीड खबर छापी है : झारखंड के मजदूरों को वापस भेजने के लिए नौ राज्यों ने राज्य सरकार की मांगी सहमति. एक खबर है कि जेपीएससी में एक विषय में फेल, फिर भी बनेंगे अफसर. लोहरदगा में एक किसान की घर से उठाकर हत्या किए जाने की खबर है. वहीं, रांची विश्वविद्यालय की एक खबर है कि रिटायर्ड शिक्षकों का सातवां वेतन फिक्स कर और उन्हें कार्यरत दिखाकर राज्य सरकार से वेतन व एरियर मद में लाखों रुपये लिये गए.
हिंदुस्तान ने भी आंध्रप्रदेश में हुए गैस रिसाव को लीड खबर बनाया है और 11 लोगों की मौत की बात लिखी है. वहीं, पलामू में पांच कोरोना मरीज मिलने की खबर को अखबार ने अहमियत दी है. रांची से इस अखबार की एक खबर ध्यान खींचती है: किसानों को 10 हजार रुपये की आर्थिक मदद देगी सरकार. खबर में उल्लेख है कि किसानों की सब्जियां छह महीने दीदी किचन में जाएंगी. दिल्ली से खबर है कि तीन दिन में 10 हजार से ज्यादा कोरोना केस देश में मिले. वहीं, विदेश से भारतीयों को लाने की खबर को भी प्रमुखता से पहले पन्ने पर छापा है. एक खबर है कि कोरोना को मात देने के लिए आयुर्वेद दवा पर ट्रायल शुरू किया गया है. वहीं, एक स्टोरी है कि कोरोना महामारी ने झारखंड में छह गुणा बेरोजगारी बढा दी है.
दैनिक जागरण की लीड खबर है : कर्नाटक का यू टर्न, श्रमिकों को भेजने के लिए फिर चलाएगा ट्रेन. अखबार ने लिखा है कि कर्नाटक सरकार ने 15 मई तक स्पेशल ट्रेन चलाने के लिए झारखंड सहित नौ राज्यों को पत्र लिखा है और सहमति मांगी है. दूसरी अहम खबर है छत्तीसगढ से भागकर पलामू आए पांच लोग मिले कोरोना पाॅजिटिव. लोहरदगा से खबर है कि दीदी किचन में एक समय का खाना मिल रहा है. वहीं, आंधप्रदेश में गैस रिसाव व 11 लोगों की मौत की खबर को भी अखबार ने प्रमुखता से छापा है. दिल्ली से खबर है कि लाॅकडाउन हटते ही ग्रीन जोन में स्कूल खुल सकते हैं. वहीं, कोल्हान विश्वविद्यालय के पूर्व वीसी आरपीपी सिंह का आलेख है: बंद पड़ी औद्योगिक इकाइयां खुलें, तेज हो निर्माण कार्य.
दैनिक भास्कर ने विशाखापत्तनम के गैस रिसाव कांड को बड़ी खबर बनाया है. अखबार ने लिखा है कि स्टाइरीन गैस रिसी जिससे 11 की मौत हुई और 20 वेंटिलेटर पर हैं. 300 से ज्यादा लोग अभी अस्पताल में हैं. फैक्टरी के पांच किलोमीटर के दायरे में पांच गांव इससे प्रभावित हुआ है. अखबार ने हादसे की बड़ी तसवीर छापते हुए खबर को शीर्षक दिया है: जान बचाने को भागे, बेसुध होकर सड़क पर गिरते चले गए. अखबार ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश को आए हार्ट अटैक की खबर देते हुए लिखा है कि अब उनकी स्थिति खतरे से बाहर है.


