रांची के अखबार : कर्ज सस्ता, तीन महीने तक EMI से राहत, सरकार के प्रतिनिधि गांव जाकर तलाशेंगे मरीज, अन्य खबरें

रांची : अखबारों में आज रिजर्व बैंक आफ इंडिया द्वारा कोरोना लाॅकडाउन के दौरान राहत देने के लिए की गयी घोषणा बड़ी खबर है.
प्रभात खबर ने इसे लीड खबर बनाते हुए शीर्षक दिया है: अर्थव्यवस्था संभालने आगे आया रिजर्व बैंक, कर्ज होंगे सस्ते, इएमआइ में राहत. खबर में कहा गया है कि रिजर्व बैंक ने आरबीआइ ने रेपो रेट व रिजर्व रेपो रेट कम किया. इसका असर तुरंत इस रूप में दिखा कि एसबीआइ ने कर्ज पर ब्याज दर 0.75 प्रतिशत कम कर दिया. आरबीआइ ने सिस्टम में 3.74 लाख करोड़ की नकदी बढाने का निर्णय लिया है. एक खबर है कि वीडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिए डीजीपी ने सभी एसपी व रेंज डीआइजी को निर्देश दिया है कि जरूरतमंदों को हर थाने में खाना दिया जाए और उन्हें आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं भी दी जाएं. मुख्यमंत्री हेमंत सोरोन ने आपदा के समय कालाबाजारी पर चिंता जतायी है. एक खबर है कि तीन मई को होने वाली नीट परीक्षा स्थगित कर दी गयी. एक खबर है कि बाहर फंसे मजदूरों को संबंधित राज्य देंगे खाना, झारखंड में बंटेगा गुड़ चूड़ा.
हिंदुस्तान ने आरबीआइ की घोषणा को लीड खबर बनाते हुए शीर्षक दिया है: कर्ज सस्ता, इएमआइ तीन महीने टली. अखबार ने लिखा है कि कोरोना संकट के बीच आरबीआइ ने मध्यम वर्ग को बड़ी राहत दी है. अखबार ने सवाल जवाब के माध्यम से आरबीआइ के फैसलों को समझाने की कोशिश की है. एक खबर है कि कोरोना से लड़ाई में सेना भी शामिल होगी. दुमका से खबर है कि चोरी के आरोप में एक को पीट-पीट कर मार डाला गया. यह खबर है कि हजारीबाग में 15 लोग कोरेंटाइन सेंटर से भाग गए और इसलिए उन पर केस दर्ज किया गया. दिल्ली से एक खबर है कि सरकार के लोग गांव-गांव जाकर 15 दिनों तक कोरोना की मरीज चलाशेंगे. इस दायरे में उन लोगों को प्रमुखता से शामिल किया जाएगा जो बाहर से अपने गांव-शहर लौटे हैं. यह काम जिलाधिकारी के नेतृत्व में होगा. उन्हें रोज शाम छह बजे इस कार्य के प्रगति की समीक्षा करनी होगी और फिर राज्य को रिपोर्ट भेजना होगा.
दैनिक जागरण की लीड खबर का शीर्षक है : कर्ज सस्ता, इएमआइ में मोहलत. झारखंड के मुख्य सचिव डीके तिवारी का बयान है कि दूसरे राज्य में यहां के जो लोग फंसे हैं वे वहीं रहेंगे, सरकार उन्हें सारी सुविधा मुहैया कराएगी. अखबार ने खबर दी है कि ब्रिटिश प्रधानमंत्री बोरिस जाॅनसन को भी कोरोना हो गया है. एक खबर है कि झारखंड में गेहूं आॅउट आॅफ स्टाॅक हो गया है और दलहन की भी कमी हो गयी है. सरकार ने मिल्क फेडरेशन को निर्देश दिया है कि उत्पादकों से दूध का उठाव जारी रखें. अखबार ने आज से दूरदर्शन पर रामायण के प्रसारण की भी खबर दी है. तसवीर के साथ इसका उल्लेख है कि बिना जुलूस व ताम-झाम के सरहुल मना.
दैनिक भास्कर की लीड खबर का शीर्षक है : तीन माह इएमआइ नहीं, क्रेडिट कार्ड बिल से भी राहत, लोन अब सबसे कम दरों पर. अखबार ने लिखा है कि इएमआइ का लाभ एक मार्च से 31 तक, मार्च गुजरने को है, अब फायदा सिर्फ दो महीने का है. अखबार ने खबर दी है कि ब्रिटेने के प्रधानमंत्री व स्वास्थ्य मंत्री को कोरोना हो गया है. यह खबर भी है अमेरिका में संक्रमितों की संख्या अब एक लाख की ओर है व इटली में सबसे अधिक एक दिन में 919 की मौत हुई है. आइएमएफ चीफ का बयान है कि दुनिया में अब 2008 से भी अधिक भयानक मंदी आएगी. अखबार ने यह ग्राउंड रिपोर्ट दी है कि कोरोना से सबसे अधिक प्रभावित महाराष्ट्र कैसे इससे जंग लड़ रहा है. शीर्षक है: जहां भी संदिग्ध मिले, जीपीएस की मदद से पूरे इलाके को स्कैन किया, घर-घर सर्वे कर क्वेरंटाइन किया जा रहा है. अखबार ने खबर दी है कि भारत की कोरोन से जंग की बड़ी तैयारी है. पांच लाख जांच किट पहुंची है, 34 लाख और मंगाई है. वेंटिलेटर जुटाए जा रहे हैं.


