रांची के अखबार : CM हेमंत का आरोप, नियोजन नीति के नाम पर रघुवर सरकार ने राज्य के लोगों को दो हिस्सों में बांटा

रांची : नियोजन नीति और हाइकोर्ट के फैसले से अनुसूचित जिलों में शिक्षकों की नियुक्ति रद्द होने के बाद झारखंड मुक्ति मोर्चा के तेवर सख्त हैं. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इसके लिए रघुवर दास के नेतृत्व वाली पिछली भजपा सरकार को दोषी बताया है. मुख्यमंत्री के बयान को प्रभात खबर अखबार ने लीड खबर बनाया है. इसका शीर्षक है: भाजपा सरकार ने राज्य के लोगों को दो हिस्सों में बांटा. हेमंत सोरेन ने कहा कि पिछली सरकार ने नियोजन नीति के नाम पर नियुक्ति के लिए बिहार, यूपी और बंगाल के युवाओं के लिए रास्ता खोला. नियमावली बनाकर शिक्षकों व सहायक पुलिसकर्मियों को फंसाने का काम किया. सीएम ने कहा कि पहले ध्वस्त अर्थव्यवस्था मिली फिर कोरोना की मार.

राज्यसभा के आठ निलंबित सांसदों की खबर के डेवपलमेंट को प्रमुखता से अखबार ने छापा है. इसका शीर्षक है: सत्र के बहिष्कार अड़ा विपक्ष, सरकार बोली – पहले माफी मांगे. निलंबित सदस्यों के चाय लेकर पहंुचे उपसभापति हरिवंश की तसवीर अखबार ने छापी है. रांची से यह खबर है कि खटालों के दूध में मिलावट की शिकायत, होगी जांच. स्वास्थ्य सचिव नितिन मदन कुलकर्णी ने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों और खाद्य संरक्षा पदाधिकारियों को इस संबंध में निर्देश भेजा है.

यह खबर है कि विश्वविद्यालय व काॅलेजों में प्रथम वर्ष का सत्र एक नवंबर से शुरू होगा. छुट्टियां घटायी जाएंगी. बिहार के विश्वविद्यालयों में 4638 असिस्टेंट प्रोफेसरों की नियुक्ति के लिए विज्ञापन जारी किया गया है. यह भी खबर है कि अगले महीने और ट्रेनें रेलवे चला सकता है.

अंदर के पन्ने पर खबर है कि गैंगस्टर सुशील श्रीवास्तव हत्याकांड मामले में हजारीबाग की अदालत ने पांच को आजीवन कारावास की सजा सुनायी है.

हिंदुस्तान अखबार की लीड खबर का शीर्षक है : नियोजन नीति पर सदन में संग्राम. हंगामे के बीच विधानसभा में झारखंड माल एवं सेवाकर सहित आठ विधेयक पारित. यह खबर है कि कोरोना योद्धाओं की मौत पर उन्हें शहीद का दर्जा मिलेगा. यह घोषणा स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने की. यह दर्जा डाॅक्टर, नर्स, चिकित्सीय स्टाफ, एंबुलेंस ड्राइवर, सुरक्षाकर्मी सहित दूसरे कोरोना योद्धाओं को मिलेगा.

अखबार ने रातू में एक करोड़ की नशीली दवा पकड़ाने की खबर दी है. संसद की खबर है कि विपक्ष के बहिष्कार के बीच दोनों सदनों में 11 विधेयक पर लगी मुहर. राज्य में 1207 नए कोरोना मरीज मिले और 10 लोगों की मौत हो गयी. ड्रग केस में अभिनेत्री दीपिका पादुकोण की मैनेजर करिश्मा से पूछताछ की खबर अखबार ने दी है.

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More