रांची के अखबार : छठी जेपीएससी में हजारीबाग की सुमन बनीं टाॅपर, चीन के रैपिड कोरोना जांच किट के उपयोग पर रोक

रांची : रांची से छपने वाले अखबारों में आज छठी जेपीएससी का रिजल्ट की खबर प्रमुखता से है. इसके अलावा कोरोना से जुड़ी खबरें हैं.

प्रभात खबर की लीड खबर का शीर्षक है : कोरोना से जीत गयी, लेकिन मौत से हार गयी हिंदपीढी की महिला. अखबार ने लिखा है कि राज्य की दूसरी कोरोना संक्रमित मरीज की रिम्स में मौत हो गयी. अखबार के अनुसार, लगातार उनकी दो कोरोना टेस्ट रिपोर्ट निगेटिव आयी, लेकिन उससे पहले हार्ट अटैक से मौत हो गयी. बेटे ने आरोप लगाया कि डाॅक्टरों की लापरवाही से मेरी मां की मौत हुई, वहीं रिम्स के निदेशक ने कहा कि डाॅक्टरों की टीम ने पूरी कोशिश की. अखबार ने छठी जेपीएससी का रिजल्ट जारी होने की खबर को टाॅप बाॅक्स में विस्तार से दिया है. हजारीबाग में कोरोना को मात देकर घर लौटे दो मरीजों की खबर भी अखबार ने दी और ताली बजाकर विदाई का फोटो छापा है. एक खबर है कि कोरोना के खौफ से क्वरंटाइन में रखे गए एक व्यक्ति ने जान दे दी. अखबार ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का इंटरव्यू छापा है, जिसमें उन्होंने कहा है कि लाॅकडाउन के बाद बाहर से आने वाले झारखंड के भाइयों के स्वागत के लिए हम तैयार हैं. अखबार ने हजारीबाग के कटकमसांडी से एक खबर दी है कि एक महिला अपने पति को बचाने के दौरान बिजली करंट की चपेट में आ गयी, हालांकि उसके बावजूद पति-पत्नी दोनों की मौत हो गयी. लोहरदगा से लीज पर जमीन लेकर खेती कर अच्छी कमाई करने वालों की पाॅजिटिव स्टोरी अखबार ने दी है. अखबार ने एक खबर दी है कि देवघर के सदर अस्पताल में क्वरंटाइन किए गए एक किशोर की मौत हो गयी. अब उसके स्वाब की जांच करायी जाएगी. वहीं, मध्यप्रदेश की शिवराज सरकार के विस्तार की खबर भी है.

अखबार ने अपने कवर पेज 2 पर बिरसा जू की बाघिन अनुष्का द्वारा तीन बच्चों को जन्म देने की तसवीर छापी है. डाॅक्टरों ने बताया कि सात साल की बाघिन अनुष्का के तीनों शावक स्वस्थ हैं. अखबार ने एक खबर दी है कि झारखंड में साइक्लोनिक सरकुलेशन का असर है और कई जिलों में बारिश होगी. अखबार ने कवर पेज 2 पर लीड खबर कच्चे तेल की कीमत को बनाया है, जिसका शीर्षक है: कोरोना इफेक्ट: अमेरिका में शून्य डाॅलर से नीचे पहुंच गया कच्चा तेल. अखबार ने कोट में फंसे छात्रों एवं वेल्लोर में फंसे राज्य के मरीजों की खबर छापी है कि उन्हें बामुश्किल एक वक्त का खाना मिल पा रहा है.

हिंदुस्तान की लीड खबर का शीर्षक है: रांची में एक और कोरोना मरीज की मौत. अखबार ने लिखा है कि रिम्स में भर्ती महिला की हार्ट अटैक से दम तोड़ने के बाद कोरोना जांच रिपोर्ट निगेटिव आयी है. अखबार ने छठी जेपीएससी का रिजल्ट तीन साल बाद जारी होने की खबर को प्रमुखता से छापा है. नयी दिल्ली से खबर है कि किताब व पंखे की दुकानों को भी लाॅकडाउन में छूट मिल गयी है. मंगलवार को इस संबंध में गृह मंत्रालय ने अनुमति प्रदान कर दी है. ब्रेड फैक्टरी, आटा व दाल मिलों की भी छूट मिल गयी है. अखबार ने खबर दी है कि राष्ट्रपति भवन व लोकसभा सचिवालय तक कोरोना ने दस्तक दे दी है. अखबार ने रांची में क्वारंटइन में भर्ती एक व्यक्ति द्वारा अस्पताल के तीसरे माले से कूद कर जान दिए जाने की खबर भी है. वहीं, यह खबर भी है कि राशन व दवा खरीदने जा रहे हैं तो मोबाइल पास जरूर लें. बिरसा जू में अनुष्का बाघिन द्वारा तीन शावकों को जनने की खबर को इस अखबार ने फोटो के साथ बाॅटम में छापा है.

दैनिक जागरण ने कोरोना पर कुछ पाॅजिटिव खबरों को लीड बनाया है. शीर्षक है: राज्य में 10 दिनों बाद कोई पाॅजिटिव नहीं. लगातार दूसरे दिन राहत भरी खबर, पांच और मरीजों ने कोरोना को दी मात. दिल्ली से एक खबर है कि चीनी रैपिड टेस्ट किट फैल पाया गया है, इसके बाद इससे कोरोना जांच पर रोक लगा दी गयी है. रांची के हिंदपीढी की कोरोना पीड़ित महिला की खबर को अखबार ने शीर्षक दिया है: कोरोना से जीत ली थी जंग, कोरोना के मौत से सदमे ने ली जान. अखबार ने खबर दी है कि छठी जेपीएससी का परिणाम जारी हो गया और सुमन गुप्ता टाॅपर बनी हैं. सुमन गुप्ता के हजारीबाग के बड़कागांव की हैं और अभी हजारीबाग मुख्य डाकघर में पोस्टल असिस्टेंट के तौर पर नौकरी कर रही हैं. हजारीबाग के ठीक कुए कोरोना मरीज की खबर अखबार ने दी है जिसका शीर्षक है: थोड़ा सहमे, लेकिन भरोसा था जिंदगी की जंग जरूर जीतेंगे. क्रूड आॅयल की कीमत पर अखबार की खबर है फिलहाल किसी के काम नहीं आएगा सस्ता क्रूड.

दैनिक भास्कर की लीड खबर है : झारखंड: सवा छह दिन में दोगुणे हो रहे कोरोना पाॅजिटिव, पड़ोसी बिहार, पश्चिम बंगाल से ज्यादा हमारे यहां संक्रमण की रफ्तार. अखबार ने एक सुःखद खबर दी है कि 12 दिन बार राज्य में कोई कोरोना मरीज नहीं मिला, वहीं दुःखद खबर दी है कि कोरोना से संक्रमित रांची की दूसरी महिला की रिम्स में हार्ट अटैक से मौत हो गयी और क्वरंटाइन में रह रहे एक शख्स ने अस्पताल के तीसरे माले से कूद कर जान दे दी. जिस युवक ने आत्महत्या की उसने कोरोना से ग्रस्त रिटायर्ड डीडीसी को एयर एंबुलेंस पर चढाया था जिनकी बाद में मौत हो गयी थी. इसके बाद उस युवक को लेक व्यू अस्पताल में क्वारंटाइन किया गया था, जहां वह तीसरे माले से कूद गया और जान दे दी. अखबार ने खबर दी है कि झारखंड सरकार ने बाजार मोबाइल एप लांच किया है जिस पर घर बैठे सामान मंगवा सकते हैं. जेपीएससी रिजल्ट को लेकर खबर है कि 326 अभ्यथी सफल साबित हुए हैं. अखबार ने खबर दी है कि कच्चे तेल की दाम में कमी से भारत अपनी भंडारण क्षमता बढाने में जुट गया है.

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More