रांची के अखबार : हेमंत बोले केंद्र के कृषि बिल के खिलाफ होगा उलगुलान, रांची से चलेंगी 10 और ट्रेनें, अन्य खबरें

रांची : प्रभात खबर ने कवर पेज वन पर आज बिहार चुनाव के ऐलान की खबर को लीड बनाया है. अखबार ने शीर्षक दिया है : बिहार विधानसभा चुनाव तीन चरणों में, 28 अक्तूबर को होगी पहली वोटिंग. दूसरे व तीसरे चरण की वोटिंग तीन व नौ नवंबर को होगी और 10 को मतगणना होगी. अखबार ने लिखा है कि कोरोना महामारी के बीच यह दुनिया का सबसे बड़ा चुनाव है.
अखबार ने खबर दी है कि झारखंड भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी को कोरोना हो गया है. प्रख्यात गायक एसपी बाला सुब्रमण्यम के निधन की खबर भी अखबार ने संक्षेप में दी है.
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने नरेंद्र मोदी सरकार के कृषि विधेयक का कड़ा विरोध किया है. अखबार ने इसे कवर पेज टू की लीड स्टोरी बनाया है. इसका शीर्षक है: कृषि बिल के खिलाफ सड़क पर उलगुलान होगा. अखबार ने लिखा है कि केंद्र सरकार ने कृषि बिल लाकर संघीय ढांचे पर कुठाराघात किया है.
झारखंड हाइकोर्ट ने राज्य सरकार को कहा है कि मां छिन्नमस्तिके मंदिर को खोलने पर नवरात्र से पहले निर्णय ले. अखबार ने एक अहम खबर दी है कि रांची से 10 जोड़ी ट्रेनों का परिचालन जल्द होगा. इससे रांची-हटिया से जयनगर, दुमका, दिल्ली, हावड़ा, पटना, धनबाद, लोहरदगा, गोरखपुर, अगरतला व भागलपुर के लिए ट्रेनें उपलब्ध हो सकेंगी. इनका परिचालन दो अलग-अलग फेज में आरंभ किया जाएगा.
अखबार ने यह खबर दी है कि मुंडारी, हो, कुड़ुख भाषा फिलहाल आठवीं अनुसूची में नहीं है, लेकिन केंद्र सरकार इस पर गंभीरता से विचार कर रही है. एक खबर है कि बिना हेलमेट पकड़े जाने पर अब आॅनलाइन जुर्माना भर सकेंगे.


