रांची के अखबार : पहली बार एक दिन में मिले 187 कोरोना केस, शिक्षिका पत्नी की बेटे के सामने कर दी हत्या, अन्य खबरें

आज भगवान बिरसा मुंडा का शहादत दिवस है. नौ जून 1900 को बिरसा मुंडा शहीद हुए थे. उनके शहादत दिवस पर अखबार ने पेज वन पर विशेष आयोजन किया है और उनकी चित्र के साथ उनसे जुड़े चार महत्वपूर्ण स्थलों का उल्लेख किया है.

प्रभात खबर की आज की लीड खबर है : 187 नये कोरोना पाॅजिटिव मिले. झारखंड में यह एक दिन का सबसे अधिक आंकड़ा है. राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या 1330 हो गयी. सिमडेगा में एक दिन में सबसे अधिक 59 संक्रमित मिले. सूबे में अबतक कोरोना से 519 लोग स्वस्थ हुए हैं. पलामू के पांडू से एक खबर है कि एक महिला ने कोरोना माई का व्रत रखा, तबीयत बिगड़ी और मौत हो गयी. यह खबर समाज में कोरोना को लेकर बढते अंधविश्वास को बताती है. अयोध्या में 10 जून से राम मंदिर का निर्माण आरंभ होगा. 2016 के राज्यसभा चुनाव को लेकर खबर है कि बड़े नेताओं व अफसरों से पूछताछ होगी. डीआइजी ने मामले के आइओ को इस संबंध में निर्देश जारी किया है. अखबार ने दिल्ली से खबर दी है कि मंदिर मसजिद व रेस्त्रां खुले. मुंबई बेस्ट की बसें सड़कों पर दौड़ने लगीं. रांची व उरीमारी से खबर है कि सीबीआइ ने सीसीएल के जीएम व पीए को घूस लेते हुए गिरफ्तार. अमित शाह ने ओडिशा की डिजिटल रैली को संबोधित करते हुए पूछा है कि विपक्ष ने कोरोना संकट में क्या किया है यह वह बताए. एक खबर है कि 101 शिक्षकों के नाम पर दो विश्वविद्यालयों ने लिए 19.80 करोड़.

हिंदुस्तान की लीड खबर का शीर्षक है : झारखंड में कोरोना विस्फोट, एक दिन में 204 पाॅजिटिव. अखबार ने लिखा है कि झारखंड में सिर्फ आठ दिन में दोगुणे से अधिक मरीज हो गए. वहीं, देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या ढाई लाख से पार पहुंच गयी. रांची के नामकुम से एक खबर है कि एक व्यक्ति ने बेटे के सामने शिक्षिका पत्नी की अवैध संबंध के शक में पत्थर मार कर हत्या कर दी. वहीं, चीन का बयान है कि मतभेद विवाद की वजह न बने. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का बयान है कि नयी शर्ताें पर लद्दाख जाएंगे 12 हजार मजदूर. सीबीएसइ के नतीजे 15 अगस्त तक आएंगे और एनसीआर में फिर भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं.

दैनिक भास्कर ने अवैध संबंध के झगड़े में नामकुम के दंपती में हुए झगड़े और फिर पति द्वारा पत्थर से वार कर बेटे के सामने ही पत्नी की हत्या किए जाने की खबर को लीड में छापा है. इसका शीर्षक है: अवैध संबंध में झगड़े, पति ने बेटे के सामने टीचर पत्नी को पत्थर से कूचकर मार डाला. पति पत्नी को घूमाने के बहाने रिंग रोड पर ले गया था. मृतका का नाम रितु केसरी है और उसके हत्या आरोपी पति का नाम रंजीत केसरी है. मां को छटपटाता देख आठ साल का बेटा सदमे में आ गया. एक खबर है कि श्रमिकों को बाहर भेजने के लिए झारखंड सरकार एमओयू करेगी. 11815 मजदूर सीमा सड़क संगठन यानी बीआरओ के लिए काम करेंगे.

अखबार ने रामगढ में सीसीएल के जीएम व पीए द्वारा घूस लिए जाने की खबर प्रमुखता से दी है और इसके साथ ही भगवान बिरसा मुंडा की शहादत दिवस के मौके पर मुंबई स्थित उनकी प्रतिमा की तसवीर छापी है. एक खबर है कि चार विश्वविद्यालयों में अफसरों के 14 पदों के लिए आॅनलाइन आवेदन 30 तक होगा. इस अखबार ने एक विशेष खबर छापी है कि डेवलपर्स घरों का डिजाइन ऐसा तैयार करने मंें लगे हैं जिसमें कोरोना नाम्र्स का ख्याल हो और संक्रमण का खतरा न्यूनतम.

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More