रांची के अखबार : बाबाधाम श्रावणी मेले के लिए सांसद निशिकांत पहुंचे कोर्ट, रिम्स में घोटाला

प्रभात खबर ने खबर दी है कि गोड्डा के सांसद निशिकांत दुबे ने देवघर में श्रावणी मेले के आयोजन को लेकर हाइकोर्ट में जनहित याचिका दायर की है. उन्होंने अपनी याचिका में पवित्र सावन महीने में बाबा बैद्यनाथ मंदिर का पट खोलने व केंद्र सरकार के दिशा निर्देशों के अनुरूप पूजा की अनुमति देने की मांग की है. इस मामले में केंद्र सरकार, राज्य सरकार, पंडा धर्मरक्षिणी बोर्ड और देवघर मंदिर न्यास बोर्ड को प्रतिवादी बनाया गया है. याचिका में कहा गया है कि कोरोना प्रोटोकाॅल का पालन करते हुए पूजा की अनुमति दी जानी चाहिए.

झारखंड में कोरोना से 12वीं मौत हुई है, 13 नए मरीज मिले हैं और कुल मरीजों की संख्या 2219 हो चुकी है जिसमें 1575 लोग स्वस्थ हैं. अखबार ने खबर दी है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भ्रष्टाचार व लापरवाही पर सख्त हुए हैं और बुंडू प्रखंड के तत्कालीन बीडीओ लल्लन प्रसाद को बर्खास्त कर दिया, वहीं कटकमदाग की तत्कालीन बीडीओ प्रीति सिन्हा की वेतन वृद्धि पर रोक लगाने का आदेश दिया है. यह कार्रवाई मनरेगा कार्यों में हुई गड़बड़ी व लापरवाही के संदर्भ में हुई है.

गुमला से एक मानवीय महत्व और हुई लापरवाही की खबर है कि समय पर नहीं मिला खून, मां की गोद में बेटे ने तोड़ा दम. 15 साल के दीपू सिंह का हिमोग्लोबिन लेवल बहुत कम था और उसे ओ पाॅजिटिव खून चाहिए था. अखबार ने पेट्रेल डीजल मूल्य की एक तुलनात्मक खबर दी है कि कैसे दिल्ली में पेट्रोल से 12 पैसा डीजल महंगा हो गया और यह एक इतिहास बन गया. अखबार ने एक खबर दी है कि आॅनलाइन क्लाॅस में यू ट्यूब मैटेरियल स्कूल बच्चों को भेज दे रहे हैं. पतंजलि की कथित कोरोना की दवा कोरोनिल के बारे में खबर है कि उसे जांच के बाद ही मंजूरी मिलेगी. एक खबर है कि बीएयू के दो छात्रों ने इ लाइब्रेरी एप बनाया. पश्चिम बंगाल में 31 जुलाई तक लाॅकडाउन बढाने की खबर भी है.

हिंदुस्तान ने लीड खबर दी है कि सूबे के दागी अफसरों पर सरकार द्वारा बड़ी कार्रवाई की तैयारी है, इससे उनमें हड़कंप मच गया है. इसके लिए मुख्यमंत्री ने कैबिनेट सचिव से सूची मांगी है. अखबार ने यह खबर दी है कि रिम्स डेंटल काॅलेज के लिए उपकरण खरीद में घोटाला हुआ है. यह 2018 का मामला है. गड़बड़ी मिलने के बाद कैग ने अपनी रिपोर्ट भेजकर रिम्स प्रशासन से जवाब मांगा है.

एक खबर है एंटीजेन किट से जिले में ही कोरोना की जांच हो सकेगी. 31 जुलाई तक आयकर रिटर्न भरा जा सकता है. साथ ही यह अहम खबर है कि काॅपरेटिव बैंक भी अब आरबीआइ के दायरे में आएंगे. एक खबर है कि चीन डेप्सांग में तनाव पैदा कर रहा है.

दैनिक जागरण ने खबर दी है कि सिदो कान्हू के वंशज की मौत की सीबीआइ जांच के लिए सरकार तैयार है और कराएगी. यह साहिबगंज के बरहेट का मामला है. अखबार ने लीड खबर दी है कि दोहरी चाल से बाज नहीं आ रहा है चीन. गलवान में एलएसी पर दोनों ओर चीनी सैनिक सक्रिय हैं. धनबाद के धर्मांतरण मामले की खबर का हेडिंग है: ईसाई मिशनरी ने भी माना हुआ धर्मांतरण. स्थानीय ईसाई संगठनों ने इसके पीछे तमिलनाडु के लोगों का हाथ बताया है.

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More