रांची के अखबार : बच्चों को लाने कोटा जाएगा अफसरों का दल, राज्यकर्मियों को भी डीए मिलने की उम्मीद नहीं, अन्य खबरें

प्रभात खबर की लीड खबर है का शीर्षक है : हर स्तर पर होती रही गड़बड़ी, शहर के सभी कोनों में पहुंच गया कोरोना. अखबार ने लिखा है कि रांची में कोरोना के 13 नए मरीज मिले, जिनमें सदर अस्पताल की चार नर्सें शामिल हैं. वहीं, गढवा में दो बच्चे कोरोना संक्रमित मिले. संताल परगना के जामताड़ा में एक मरीज मिला है, जिसकी प्रशासन ने पुष्टि नहीं की है. पुष्टि किए मरीजों की संख्या 15 है. अखबार ने लिखा है कि सदर अस्पताल की लापरवाही से कई जच्चा-बच्चा को लेकर चिंता बढ गयी है. वहीं, गुरुनानक स्कूल में जहां कैंप बनाया गया है, वहां एक क्वरंटाइन मजदूर से मजदूरी करायी जिसे कोरोना निकला. अखबार ने रिम्स के निदेशक डाॅ दिनेश कुमार सिंह का इंटरव्यू छापा है, जिसमें उन्होंने कहा है कि बिना लक्षण वाले मरीज पौष्टिक भोजन से ही हो जाते हैं ठीक. प्रधानमंत्री मोदी के मन की बात कार्यक्रम की खबर अखबार ने छापी है, जिसका शीर्षक है, शुरुआती सफलता अच्छी, पर जरा-सी चूक भी घातक. पीएम द्वारा शुरू किए गए कोरोना वारियर्स नाम की नयी वेबसाइट का भी उल्लेख है. राज्य के वित्तमंत्री रामेश्वर उरांव का बयान है कि स्थिति नियंत्रण में नहीं रही तो लाॅकडाउन बढेगा. उन्होंने कहा है कि केंद्र ने डीए देने से मना कर दिया है, हमारा खजाना खाली है ऐसे में हम डीए कहां से दे पाएंगे. अखबार ने एक खबर दी है कि किस तरह हमारी लापरवाही का खामियाजा मासूम बच्चे भुगत रहे हैं.

अखबार के कवर पेज 2 पर स्टोरी है : देवघर के पिता-पुत्रों की कंपनी ने बनाया एंटी माइक्रोबियल स्प्रे. यह स्प्रे किसी भी चीज की सतह पर जमे विषाणुओं को मार देता है और बीमारी व संक्रमण रोकने में मददगार साबित होता है. अखबार ने झारखंड से जुड़ी एक खबर छापी है कि पूरी दुनिया में कोरोना पर रिसर्च हो रहा है, लेकिन हमारे राज्य के विश्वविद्यालय के लैब बंद हैं. इसका शीर्षक है: हमारे पास लैब हैं, एक्सपर्ट भी, संसाधन होता तो हम भी करते कोरोना पर रिसर्च. अखबार ने खबर दी है कि झारखंड कैडर के आइएएस एनएन सिन्हा केंद्रीय ग्रामीण विकास सचिव नियुक्त किए गए हैं. वहीं, अमित खरे को सूचना प्रसारण विभाग के सचिव का अतिरिक्त जिम्मा दिया गया है. सीएमपीएफ में फर्जीवाड़ा, अफसरों पर फर्जीवाड़ा दर्ज. अक्षय तृतीया पर राचंी से खबर है कि 90 लाख की बीएमडब्ल्यू सहित 190 कारों की हुई आनलाइन बुकिंग. अखबार ने खबर दी है कि सारण में ठनका गिरने से नौ लोगों की मौत हो गयी.

हिंदुस्तान की लीड खबर है : रांची के सात इलाकों में फैला कोरोना. अखबार ने लिखा है कि शहर में 13 कोरोना मरीज मिले हैं और सूबे में अबतक संक्रमितों की संख्या 82 हो गयी है. अखबार ने लिखा है तीन अफसर होम क्वरंटाइन किए गए. सूबे में जांच की धीमी रफ्तार के कारण संक्रमण का खतरा तेज. अखबार ने लिखा है कि संक्रमण के भय से सदर अस्पताल का प्रसूति विभाग दोबार सील कर दिया गया है. संक्षेप में खबर है कि आज प्रधानमंत्री मोदी सीएम हेमंत से वीडिया कान्फ्रेंसिंग के जरिए बात करेंगे. अखबार ने एक खबर दी है कि तीन राज्यों ने देश की मुश्किल बढाई. अखबार ने ऐसे राज्यों में महाराष्ट्र, गुजरात व मध्यप्रदेश का उल्लेख किया है, जहां सर्वाधिक कोरोना मरीज मिल रहे हैं. कुल मरीजों में दो तिहाई से अधिक इन्हीं तीन राज्यों में हैं. केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री निशंक के हवाले से खबर है कि हालात सुधरते ही 10 दिन में सीबीएसइ की परीक्षा होगी. मन की बात में प्रधानमंत्री ने कहा है कि दोबारा कोरोना को लौटने न दें. एक खबर है कि झारखंड के एक प्रतिशत संदिग्धों में ही कोरोना की पुष्टि.

दैनिक जागरण की लीड खबर है : चार नर्सें समेत रांची में मिले 13 संक्रमित. अखबार के अनुसार, पिस्कामोड़, अरगोड़ा, लोआडीह, चुटिया, कांटाटोली व हिंदपीढी में सामने आए नए मामले. अखबार ने लिखा है कि रांची के डीसी, एसएसपी सहित दो दर्जन अफसरों को होना पड़ेगा क्वरंटाइन. खबर के अनुसार, रिपोर्ट देर से जारी करना महंगा पड़ रहा है. एक खबर है कि रांची में फल व सब्जी बेचते थे पलामू में तीनों पाॅजिटिव मरीज. नयी दिल्ली से खबर है कि लाॅकडाउन से बाहर आने का आज बनेगा रोडमैप. अखबार ने पीएम मोदी की मुख्यमंत्रियों के साथ आज होने वाली वीडियो कान्फ्रेंसिंग को लेकर लिखा है कि लाॅकडाउन की अवधि बढाकर पाबंदियों में धीरे-धीरे ढील दी जा सकती है. अखबार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात की खबर का शीर्षक दिया है: महीने भर में कोरोना से मुक्त हो जाएगी दुनिया. रामगढ से बंगाल से आए बरातियों की एक खबर है, जो लाॅकडाउन में फंस गए. इसका शीर्षक है: छकने आए थे छप्पन भोग, गूंथ रहे आटा. एक खबर है कि राज्य के बच्चों को लाने अफसरों का एक दल कोटा जाएगा. इस संबंध में राज्य सरकार ने केंद्रीय गृह मंत्रालय से अनुमति मांगी है. मुख्यमंत्री ने भी गृह मंत्रालय से विचार विमर्श किया है. इसके लिए अन्य राज्यों के द्वारा कोटा से अपने यहां के बच्चों को वापस लाए जाने का हवाला दिया गया है.

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More