रांची के अखबारों के सुर्खियां : कैबिनेट विस्तार पर तारीख पर तारीख, अब बाबूलाल के निशाने पर हेमंत

रांची : झारखंड की राजधानी रांची से छपने वाले प्रमुख अखबारों ने आज अलग-अलग खबर को सुर्खी बनाया है. अखबारों ने अपनी खबरों से राज्य का राजनीतिक समीकरण बदलने का अहसास कराया है. 

प्रभात खबर ने आज पहले पन्ने पर अपने श्वेत पत्र काॅलम के तहत खबर दी है कि पतरातू रिजार्ट को अफसरों की पत्नियों के पिकनिक मनाने के लिए बंद करने का फैसला लिया गया था. अखबार ने इस संबंध में सोशल मीडिया पर भेजे गए मैसेज का स्क्रीन शाॅट भी छापा है, लेकिन खबर फैलने के बाद इस फैसले को टाल दिया गया. अखबार ने इस संबंध में रामगढ के डीसी का बयान दिया है कि मैंटेनेंस कार्य के कारण रिजार्ट को 19 तारीख को बंद रखने का निर्णय लिया गया था और हां इस दौरान एक संगठन ने पिकनिक के लिए संपर्क किया था, लेकिन गलत सूचना फैलने के कारण मैंटेनेंस कार्य को स्थगित कर रिजार्ट को खोल दिया गया. अखबार ने पहले पन्ने पर ही अर्जुन मुंडा के तिरंदाजी संघ का अध्यक्ष चुने जाने की खबर दी है और अभिनेत्री शबाना आजमी के घायल होने की खबर दी है.

प्रभात खबर ने खबर दी है गणतंत्र दिवस के पहले 24 या 25 जनवरी को हेमंत कैबिनेट का विस्तार हो सकता है. मालूम हो कि अलग-अलग अखबार कैबिनेट विस्तार के लिए अलग-अलग तारीखों की अटकलें छापते रहे हैं. पहले यह कह जा रहा था कि 19 तारीख को कैबिनेट का विस्तार होगा. मालूम हो कि हेमंत सरकार के गठन हुए 20 दिन से अधिक हो गए. अखबार ने खबर दी है कि झाविमो ने बंधु तिर्की को कारण बताओ नोटिस भेजा है और उन्हें पार्टी से निकालने की तैयारी की जा रही है. उन पर कांग्रेस प्रत्याशी अजयनाथ शाहदेव का चुनाव में मदद करने का आरोप है. अखबार ने उस संस्था की पड़ताल करने की कोशिश की है जो मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को चैंपियन आॅफ चेंज अवार्ड से सम्मानित करने जा रही है. इस संबंध में क्या प्रोटोकाॅल व नियम है, इसका भी उल्लेख अखबार ने किया है.

हिंदुस्तान ने लीड खबर के रूप में बाबूलाल मरांडी की हेमंत सोरेन सरकार पर टिप्पणी को छापा है. बाबूलाल मरांडी ने एनआरसी पर अपनी पुरानी पार्टी भाजपा का बचाव किया. साथ ही उन्होंने हेमंत सरकार पर पहली बार निशाना साधा. बाबूलाल ने 20 दिन बाद भी हेमंत कैबिनेट का विस्तार नहीं होने पर गिरिडीह में कहा कि अगर आगाज ऐसा है तो आगे कैसा होगा, यह समझने की बात है. मालूम हो कि मरांडी ने आरंभ में बिना शर्त हेमंत सोरेन सरकार को समर्थन दिया था. अखबार ने खबर दी है कि कश्मीर में 166 दिन बाद मोबाइल सेवा बहाल हुई है. अखबार ने खबर दी है कि रांची में दो रूटों पर इलेक्ट्रिक बस सेवा आरंभ करने की तैयारी की जा रही है. अखबार की एक और खबर ध्यान खींचती है कि झारखंड में अब पांचवीं से सातवीं तक की परीक्षा भी ओएमआर शीट पर ली जाएगी. अखबार ने लिखा है कि हेमंत कैबिनेट का विस्तार तीन मुद्दों पर अटक गया है. एक कैबिनेट में दलों का कोटा तय नहीं होना, दूसरा विभाग के बंटवारे पर सहमति नहीं बन पाना और तीसरा राज्यसभा चुनाव में उम्मीदवारी का पेंच. अखबार ने लिखा है कि 21 तारीख को हेमंत सोरेन की कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल से संभावित बातचीत के बाद ही कैबिनेट पर बात आगे बढने के आसार हैं.

दैनिक जागरण ने खबर दी है कि हरियाणा के कुरुक्षेत्र में झारखंड के खिलाड़ियों पर हारने का दबाव बनाया गया. कुरुक्षेत्र में बालिका फुटबाॅल टूर्नामेंट में आयोजकों पर साजिश रचने का आरोप है. अखबार ने रांची के एक युवक राकेश कुमार गुप्ता की खबर छापी है, जिसने सट्टे में 12 लाख गंवाने के बाद आत्महत्या कर ली. अखबार ने कपिल सिब्बल के उस बयान को प्रमुखता दी है जिसमें उन्होंने कहा है कि सीएए को लागू करने से राज्य मना नहीं कर सकते हैं. अखबार ने हेमंत कैबिनेट में संभावित विभाग बंटवारे की रूपरेखा खींचने की कोशिश की है और लिखा है कि सत्यानंद भोक्ता को जल संसाधन, आलमगीर आलम को ग्रामीण विकास एवं रामेश्वर उरांव को वित्त एवं राजस्व अथवा स्वास्थ्य विभाग दिया जा सकता है.

दैनिक भास्कर ने हर रविवार की तरह आज पहले पन्ने पर अपने विशेष आयोजन को ही जगह दिया है. भास्कर पड़ताल के तहत एक स्टोरी है: गद्दारी, एक ही साल में फौज में पकड़े गए सबसे ज्यादा जासूस. साल 2019 में कुल 32 जासूस पकड़े गए. अखबार ने दूसरी अहम खबर दी है कि 24 डिग्री पर एसी चलाने पर साल में देश की 10 करोड़ की बिजली बचेगी. एक स्टोरी है: एयरपोर्ट पर भूले सामान को 35 प्रतिशत यात्री ही वापस लेते हैं. अखबार ने छपाक फिल्म के परिप्रेक्ष्य में एक खबर दी है कि 11 साल में 11 फिल्में विवाद में आयीं, इनमें एक को ही नुकसान हुआ. अखबार ने द इकोनामिस्ट की एक खबर छापी है: खुद के खिलाफ ही कर रहे हैं हेट पोस्ट और फिर आत्महत्या. यह खतरनाक ट्रेंड अमेरिका का है.

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More