रांची के अखबारों की सुर्खियां : हेमंत की पत्नी का बड़ा बयान, रवींद्रनाथ का स्पीकर बनना तय, अन्य खबरें

रांची : झारखंड की राजधानी रांची से छपने वाले अखबारों में आज पांचवी विधानसभा के पहले सत्र की शुरुआत की खबर अहम है.

प्रभात खबर ने लीड स्टोरी को शीर्षक दिया है : रवींद्रनाथ महतो बनेंगे विधानसभा अध्यक्ष, 78 विधायकों ने ली शपथ, हेमंत ने दुमका सीट छोड़ी. अखबार ने लिखा है कि आज स्पीकर चयन की औपचारिकता पूरी होगी और रवींद्रनाथ महतो का निर्विरोध चुना जाना तय है. महतो झारखंड विधानसभा के आठवें स्पीकर होंगे जबकि झामुमो से स्पीकर बनने वाले दूसरे शख्स. अखबार ने इस बात को रेखांकित किया है कि विधायकों ने अपनी स्थानीय भाषा में शपथ ली. विधानसभा में नए विधायकों ने संताली, हो, खोरठा, मैथिल-अंगिका में शपथ ग्रहण किया. अखबार ने लिखा है कि दुमका में छह माह के अंदर चुनाव होगा. वहीं, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन का अखबार ने इंटरव्यू छापा है, जिसमें उन्होंने कहा है कि परिवार से फैसला आने पर ही वे दुमका सीट से चुनाव लड़ने पर निर्णय लेंगी. अखबार ने अंदर के पन्ने पर खबर दी है कि राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव को रोज दो घंटे धूप में बैठने व एक किलोमीटर चलने की डाॅक्टरों ने सलाह दी है. अखबार ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के एलान की खबर दी है कि इसके लिए आठ फरवरी को मतदान होगा जबकि 11 फरवरी को मतगणना होगी.

हिंदुस्तान ने लीड खबर का शीर्षक दिया है : रवींद्रनाथ विधानसभा अध्यक्ष होंगे. वहीं, इस अखबार की दूसरी खबर ध्यान खींचती है जो कांके गैंगरेप से संबंधित है. अखबार ने लिखा है कि इस मामले में 12 पर आरोप तय हो गया. 26 नवंबर की इस घटना के सभी आरोपियों की पेशी वीडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिए हुई. इस मामले की रोज सुनवाई हो रही है. आज इस मामले में अभियोजना पक्ष को साक्ष्य पेश करना है. अखबार ने खबर दी है कि पाकुड़ में भीड़ ने पुलिस पर हमला कर दिया. अखबार ने लिखा है कि जेएनयू हिंसा के खिलाफ रांची से आॅक्सफोर्ड तक प्रदर्शन किया गया है. डोनाल्ड ट्रंप की धमकी से शेयर बाजार के धराशायी होने की खबर भी अखबार में है. लातेहार से खबर है कि जवानों की हत्या के मामले में सात नक्सली धराये.

दैनिक भास्कर ने झारखंड की बेटी के यूपी में सौदे की खबर के खुलासे को आज लीड स्टोरी बनाया है. हेडिंग दिया है: बुलंदशहर में बेची जा रही थी रांची की बेटी, 80 वर्ष के बूढे भी लगा रहे थे बोली. अखबार ने लिखा है कि नाबालिग को सौतेली मां ने मानव तस्कर कलावती को 50 हजार रुपये में बेच दिया. इस मामले में कलावती सहित सात गिरफ्तार किए गए हैं. विधायकों के शपथ ग्रहण की खबर की भास्कर की हेडिंग ध्यान खींचती है, लिखा है ‘ 78 विधायकों ने 10 भाषाओं में ली शपथ. दिल्ली विधानसभा चुनाव के एलान पर अरविंद केजरीवाल का बयान है: अगर हमने दिल्ली में काम किया होगा तो हमें वोट देना वरना नहीं. चाईबासा के एक स्कूल में बच्ची को भोजन में सिर्फ भात देने के मामले में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा संज्ञान लिए जाने के मामले का फालोअप है कि इसके लिए दो दोषियों को सस्पेंड कर दिया गया है. चंदवा में चार पुलिसकर्मियों की हत्या करने वाले सात नक्सली के धराने की खबर भी अखबार ने पहले पन्ने पर दी है.

दैनिक जागरण की लीड खबर है : 78 विधायकों ने ली शपथ, हेमंत ने दुमका सीट छोड़ी. अखबार ने दुमका सीट पर झामुमो की संभावनाओं को तलाशा है. अखबार ने लिखा है कि सोरेन परिवार के किसी सदस्य को ही यह सीट दिए जाने की संभावना है. हेमंत सोरेन के भाई बसंत सोरेन व पत्नी कल्पना सोरेन के नामों की चर्चा दुमका सीट से चुनाव लड़ने को लेकर है. अखबार ने बड़कागांव की विधायक अंबा प्रसाद का फोटो छापा है, जो विधानसभा सत्र के पहले दिन पहुंची तो सदन के गेट पर दंडवत होकर प्रणाम किया. वहीं हेमंत सोरेन व सुदेश महतो की भी एक साथ तसवीर छापी है. कांके की लाॅ छात्रा से दुष्कर्म मामले में आरोप गठित किए जाने की खबर, चंदवा नक्सली हमले में सात की गिरफ्तारी व दिल्ली चुनाव के तारीखों के एलान की खबर अखबार के पहले पन्ने पर है. रांची की बेटी की बुलंदशहर में 80 हजार में बोली लगाए जाने की खबर को भी अखबार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More