रांची के अखबारों की सुर्खियां : रांची के नए इलाकों में कोरोना ने पसारे पांव, 11 विदेशी जमातियों को जेल, अन्य खबरें

प्रभात खबर की लीड खबर का शीर्षक है : हिंदपीढी की सीमा लांघ कर बाहर निकला कोरोना, बरियातू के जोड़ा तालाब भी पहुंचा. अखबार ने लिखा है कि जोड़ा तालाब के पास रहने वाले एक पूर्व अधिकारी की मौत हो गयी है और उनकी कोरोना रिपोर्ट पाॅजिटिव आयी है, वहीं हिंदपीढी में एक और व्यक्ति इससे पीड़ित मिला. अखबार ने खबर दी है कि डायलिसिस के अभाव में कोरोना पीड़ित की मौत होगी तो इसके लिए रिम्स के निदेशक जिम्मेदार होंगे. अखबार ने एक खबर दी है कि देश के 47 जिलों में 28 दिनों से कोरोना का नया केस नहीं मिला है. खबर मंें इसे पाॅजिटिव साइन के रूप में पेश किया गया है. लाॅकडाउन में 50 प्रतिशत तक प्रदूषण घटने की खबर भी अखबार ने दी है. रांची के आजाद बस्ती में कोरोना की जांच के लिए पहुंची टीम का वहां के लोगों ने ताली बजाकर स्वागत किया, इस पर सीएम हेमंत सोरेन ने कहा है कि यही जज्बा हमें झारखंडी बनाता है. अखबार ने अपने कवर पेज 2 पर लीड खबर दी है कि उद्योग विभाग ने फैक्ट्री प्रबंधन को भेजा पत्र और उत्पादन शुरू करने का आग्रह किया. ऐसे में लाॅकडाउन 2 में 20 तारीख से कई उद्योग खुलेंगे. एक खबर है कि निजी स्कूलों की फीस वृद्धि एवं वार्षिक शुल्क पर रोक लगायी जा सकती है. यह खबर भी है आटो शोरूम खोलने की तैयारी हो रही है, इसके लिए बिजनेस प्लान तैयार किया जाएगा. एक खबर है लोहदरगा के दो इंजीनियरों ने सप्ताह भर की मेहनत व जुगाड़ से सेनेटाइजेशन चेंबर बना लिया. एक तसवीर है अखबार में जिसमें बताया गया है कि महाराष्ट्र से 1818 किलोमीटर की दूरी साइकिल से तय कर यहां के मजदूर रांची पहुंच गए.
दैनिक जागरण की लीड खबर है कोरोना की चपेट में 26 नौसैनिक. अखबार ने लिखा है कि किसी भी सशस्त्र सैन्यबल में संक्रमण का यह पहला मामला है और इससे चिंता बढ गयी है. अखबार ने खबर दी है कि बरियातू निवासी एक रिटायर्ड आइएएस अधिकारी की कोरोना से मौत हो गयी है. अखबार ने खबर दी है कि रांची में सदर समेत दो अस्पताल सील कर दिए गए हैं. वहीं, यह खबर भी है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन कोरोना को लेकर तमाम एहतियात बरत रहे हैं. इस अखबार ने एफडीआइ नियमों में बदलाव की खबर अच्छे से दी है. अखबार ने लिखा है कि अब ड्रैगन के चंगुल में नहीं आएंगी देशी कंपनियां. सरकार ने पड़ोसी देशों के एफडीआइ नीति में बदलाव किया है ताकि चीन की कंपनियां भारतीय कंपनियां में अपनी ह्रिस्सेदारी नहीं बढा सकें. यह कदम कोरोना के कारण धराशायी हुई शेयर बाजार व क्षति के आलोक में लिया गया है. दरअसल पिछले दिनों चीन के एक बैंक ने भारत के एचडीएफसी बैंक में निवेश बढाकर यह आशंका सही साबित किया था. राहुल गांधी ने इस फैसले का स्वागत किया है.
दैनिक भास्कर की लीड खबर है : हिंदपीढी से बाहर भी मिला कोरोना. अखबार ने लिखा है कि बरियातू के एक रिटायर्ड डीडीसी की कोरोना से मौत हुई है. ब्रेन हैमरेज के बार उन्हें 16 को गुरुग्राम ले जाया गया था. अखबार ने एक खबर की है कि कोरोना संक्रमण से मौत के मामले में झारखंड मेघालय के बाद देश में दूसरे स्थान पर, फिर भी टेस्टिंग में अम सबसे बदतर. अखबार ने इसके साथ यह भी लिखा है कि बिहार व बंगाल को छोड़ कर प्रति दस लाख टेस्टिंग में हमारा आंकड़ा सबसे खराब है. एक खबर है कि कल से झारखंड के सरकारी कार्यालय खुलेंगे लेकिन जरूरी काम से ही लोग आ सकेंगे. एक छोटी सी खबर है कि आइएएस एल ख्यांगते ने गृह व कारा के मुख्स सचिव का पदभार संभाला. एक खबर है कि पास का दुरुपयोग नहीं रोक पाने पर कुछ पुलिसकर्मियों पर गाज गिरी है.


