रांची के अखबार : 10 आइएएस अफसरों का ट्रांसफर, रांची में चार गर्भवती मिलीं कोरोना पाॅजिटिव, अन्य खबरें

रांची से छपने वाले अखबारों में आज सरकार के आर्थिक पैकेज के दूसरे हिस्से को लेकर कल वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा की गयी घोषणाएं अहम खबर है.
प्रभात खबर ने इसे लीड खबर बनाते हुए शीर्षक दिया है: अन्नदाता को सरकार ने दी राहत, श्रमशक्ति को राशन व रोजगार. अखबार ने लिखा है कि 3.16 लाख करोड़ रुपये का आर्थिक पैकेज सरकार ने एलान किया. अखबार ने लिखा है कि किसानों को 30 हजार करोड़ की मदद का सरकार ने एलान किया है. 50 लाख स्ट्रीट वेंडर्स को 10 हजार रुपये की मदद का एलान किया गया है. अखबार ने गवर्नर द्रौपदी मुर्मू से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मुलाकात की तसवीर छापी है. मुख्यमंत्री ने कोरोना से लड़ाई में किए जा रहे प्रयासों से राज्यपाल को अवगत कराया है. इसका शीर्षक है: राज्य में कोई भूखा नहीं रहे, इस दिशा में हो रहा है काम. एक खबर है कि नियमित ट्रेनों में 30 जून तक की बुक टिकट रेलवे ने रद्द कर दी है.
अखबार ने कवर पेज 2 पर झारखंड लौट रहे प्रवासी श्रमिकों पर स्टोरी दी है और इसका शीर्षक है: दूसरे प्रदेशों से आ रही हुनरमंदों की फौज, मौका मिला तो संवाद देंगे अपना झारखंड. एक खबर है कि रांची में पांच कोरोना पाॅजिटिव मिले, इनमें हैं चार गर्भवती. अखबार ने लिखा है कि एक दिन में राज्य में 22 कोरोना मरीज मिले हैं. हाइकोर्ट से खबर है कि सेवानिवृत्ति के बाद वेतन व पेंशन नहीं घटा सकती है सरकार. एक खबर है कि 10 आइएएस अफसरों का तबादला, केके खंडेलवाल विकास आयुक्त बनाए गए. भोर सिंह यादव को उत्पाद आयुक्त से वाणिज्यकर आयुक्त बनाया गया है. गिरिधारी राम गौंझू का एक आलेख है: प्राथमिक शिक्षा हर बच्चे को मातृभाषा में दी जाए.
हिंदुस्तान ने लीड स्टोरी रांची में कोरोना मरीजों की संख्या को बनाया है. इसे शीर्षक दिया है: रांची में कोरोना मरीज 100 के पार. अखबार ने लिखा है कि संक्रमण की रफ्तार बढी, 13.7 दिन में मरीज दोगुणे हो रहे हैं. राज्य में 22 नए मरीज मिलने के बाद संख्या 202 हो गयी. यह खबर है कि सामान्य ट्रेनों का संचालन 30 जून तक नहीं होगा और इसके लिए पहले से बुक सभी टिकटें बुक कर दी गयी हैं. वहीं, दिल्ली से एक खबर है कि रेल यात्रियों के लिए विशेष बसें चलायी जा सकेंगी. अखबार ने एक खबर दी है कि कोरोना से 88 प्रतिशत मौतें सिर्फ छह राज्यों में हो रही है. अखबार ने आइएएस ट्रांसफर की खबर को हेडिंग दिया है: खंडेलवाल नए विकास आयुक्त, आठ विभागों के सचिव बदले. चतरा के लावालौंग से खबर है कि बुजुर्ग दंपती को ओझा-गुणी के शक में मार दिया. आर्थिक पैकेज की खबर का शीर्षक है: वादा: मजदूरों को मु्फ्त राशन और किसानों को सस्ता कर्ज. एक खबर है कि सूबे की महिला किसानों को आर्थिक मदद दी जाएगी और उन्हें स्वच्छ भारत अभियान से जोड़ कर भी मदद की जाएगी.
दैनिक जागरण की लीड खबर आर्थिक पैकेज पर आधारित है, जिसका शीर्षक है: किसान-मजदूर सबके संकट होंगे दूर. अखबार ने लिखा है कि वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने 3.16 लाख की कुल नौ योजनाओं का किया एलान. रांची सहित पांच जिलों में मिले 20 नए मरीज, 200 के पार पहुंचा आंकड़ा. एक खबर है: रांची में लाॅकडाउन के बीच इफ्तार पार्टी, प्राथमिकी दर्ज. यह खबर रातू की है, जहां सदभावना कमेटी के बैनर तले यह आयोजन हुआ. रांची से ही खबर है कि यात्रियों से बस आॅपरेटरों ने मनमाना किराया वसूला. यह वाकया ट्रेन से दिल्ली से रांची स्टेशन उतरे वैसे लोगों के साथ हुआ जिन्हें अपने जिलों में जाना था. अखबार ने एक खबर दी है कि ट्रेन में यात्रा करने वालों को यह ब्यौरा देना होगा कि वे कहां ठहरेंगे तभी उन्हें यात्रा की अनुमति मिलेगी. अखबार ने एक खबर दी है कि संक्रमण वाले क्षेत्रों के वर्गीकरण में नहीं दिखा रही दिशा निर्देशों की स्पष्टता.
दैनिक भास्कर ने पहले पन्ने के टाॅप में सैकड़ों किलोमीटर चलने वाले मजदूरों के पैर में पड़े छाले व हुए घाव की तसवीर छापी है, जिसका शीर्षक दिया है: मजबूर…मजदूर. यह उल्लेख है कि कोरोना संक्रमित समझकर रांची में मजदूरों को पीटा जिससे वे लहूलुहान हो गए. आर्थिक पैकेज के दूसरे हिस्से को लीड स्टोरी बनाते हुए इसे शीर्षक दिया है: आठ करोड़ प्रवासियों को दो माह मुफ्त अनाज, किसानों को सस्ता कर्ज. एक खबर है कि आइसीएमआर ने स्वदेशी एंटीबाॅडी टेस्ट किट एलाइजा बनायी. आइएएस ट्रांसफर की खबर भी है. वहीं, एक खबर है कि सीबीएसइ नौवीं व 11वीं में फेल होने पर एक और मौका मिलेगा. अखबार ने कोरोना संकट में बड़े मंदिरों की कमाई घटने पर स्टोरी दी है. लिखा है: हर माह तीन करोड़ के दान पाने वाले पद्नाभ मंदिर की कमाई अब मात्र 25 हजार रुपये, शिरडी का साईं ट्रस्ट एफडी तोड़वा कर वेतन बांट रहा है. मंदिर प्रबंधन दान के नए विकल्प भी तलाश रहा है.


