दिवंगत रघुवंश बाबू के पुत्र सत्य प्रकाश जदयू में हुए शामिल, लालू परिवार पर कही बड़ी बात

पटना (Patna) : राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के दिवंगत नेता रघुवंश प्रसाद सिंह के पुत्र (Raghuvansh prasad singh son) सत्य प्रकाश गुरुवार को नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड में शामिल हो गए. यह भी संभावना है कि सत्य प्रकाश (Satya Prakash) अपने गृहक्षेत्र वैशाली की किसी सीट से चुनाव लड़ें. सत्य प्रकाश को जदयू के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने पार्टी में शामिल करवाया.

इस दौरान वशिष्ठ नारायाण सिंह ने कहा कि रघुवंश बाबू के साथ कई बार रहने का मौका मिला, समाजवाद उनके शब्दों में ही नहीं उनके जीवन में भी देखने को मिलता था. उनके पुत्र उनकी विरासत को आगे बढाते हुए असहाय, गरीब, पीड़ितों को सहायता देने का काम करेंगे व हर वर्ग को पार्टी से जोड़ने का काम करेंगे.


वहीं, सत्य प्रकाश ने कहा कि मेरी पारिवारिक पृष्ठभूमि राजनीति की रही है, लेकिन एक परिवार से एक ही व्यक्ति को राजनीति में होना चाहिए, यही समाजवाद है. पिताजी कर्पूरी ठाकुर के आदर्शाें को मानते थे. पिताजी ने मरते समय जो पत्र लिखा, उसमें उन्होंने इशारा किया कि मैं राजनीति में आऊं.

सत्यप्रकाश ने कहा कि लोकसभा चुनाव 2019 में उनकी पार्टी राजद के मेनिफेस्टो में गरीब सवर्ण को 15 प्रतिशत आरक्षण की बात थी लेकिन बिना उनसे किसी विचार विमर्श के उसको बदल दिया गया. बाद में लालू जी से बात करने के बाद एक प्रेस कांफ्रेंस के द्वारा अपनी गलती बताई और कहा कि गरीब सवर्ण आरक्षण के पक्ष में हैं, लेकिन राजद के कुछ नेताओं ने और उनके परिवार वालों ने बार-बार इसका विरोध किया. इस बात से वे आहत थे और उनको लगने लगा था कि पार्टी अब मेरी अनदेखी करने लगी है.

सत्यप्रकाश ने कहा कि मेरी कोशिश रहेगी कि उनके जो बचे कार्य हैं वो मैं जनता दल यूनाइटेड में शामिल होकर तन-मन-धन से पूरा करूं. उन्होंने कहा कि लालू जी के परिवार के लोगों ने उनके पिता की बातों को नहीं सुना जिससे उन्हें पीड़ा हुई और इस कारण उन्होंने अस्पताल से इस्तीफा दे दिया, क्योंकि पार्टी में सिद्धांतों को दावं पर लगाकर टिकट की खरीद हो रही है और अपराधियों को जगह दी जा रही है.

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More