कोरोना महामारी झारखंड के निजी स्कूलों पर पड़ा भारी, बंद हो गए दर्जनों निजी स्कूल

रांची : कोरोना महामारी ने लगभग हर उद्योग व पेशे को प्रभावित किया है। इसका असर शिक्षा जगत पर भी पड़ा है। झारखंड में कोरोना संक्रमण के कारण स्कूलों पर ताला लटकने की वजह से करीब 221 निजी विद्यालय बंद हो गए। यह बात 2020-21 के लिए स्कूलों से शिक्षा विभाग द्वारा मांगी गयी यू डायस रिपोर्ट से हुआ है। 221 निजी स्कूलों ने कोई जानकारी नहीं दी और इस संबंध में अधिकारियों ने कहा कि ये स्कूल बंद हो गए इसलिए इनकी रिपोर्ट नहीं आयी।

कोरोना संक्रमण के दौरान 2019 की तुलना में 2020 में स्कूलों के नामांकन में भी कमी आयी। करीब 2.25 लाख कम बच्चों ने नामांकन लिया। स्थिति इतनी विकट हो गयी कि 421 विद्यालयों में एक भी छात्र-छात्रा ने नामांकन नहीं लिया। वहीं, 113 ऐसे स्कूल हैं जहां न तो विद्यार्थी हैं और न ही शिक्षक। इसके साथ ही 127 स्कूलों में विद्यार्थी तो हैं पर शिक्षक नहीं हैं।

यह बात भी सामने आयी है कि राज्य में 3102 ऐसे स्कूल हैं जहां 50 या उससे अधिक बच्चों की कमी आयी है। नामांकन में सबसे अधिक कमी रांची जिले में आयी है। रांची जिले के नामांनक में 2019 की तुलना में 2020 में छह प्रतिशत की कमी आयी है। रांची जिले में 36 निजी स्कूलों के बंद होने की बात कही गयी है। यहां जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय से 30 स्कूलों ने यू डायस नंबर वापस लेने का आग्रह किया है और इसकी वजह फिलहाल स्कूल संचालन नहीं होना बताया गया है। ऐसे आग्रह दूसरे जिलों में भी किए गए हैं।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More