ड्रग केस : अनन्या पांडे NCB की पूछताछ में नहीं हुईं शामिल, नवाब बोले फर्जी आदमी है समीर वानखड़े

मुंबई : फिल्म अभिनेत्री व गुजरे जमाने के अभिनेता चंकी पांडे की बेटी अनन्या पांडे सोमवार को आर्यन खान ड्रग केस एंटी नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की पूछताछ में शामिल नहीं हुईं। उन्होंने पूछताछ में शामिल होने के कुछ मोहलत मांगी है। अनन्या को एनसीबी की ओर से आज पूछताछ में शामिल होने के लिए सम्मन जारी किया गया था।

मालूम हो कि इससे पहले पूछताछ में देर से पहुंचने के लिए एनसीबी अनन्या पांडे को फटकार लगा चुका है। अनन्या से इस केस में शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान से चैट में हुई बातचीत को लेकर पूछताछ के लिए बुलाया जा रहा है।अनन्या पांडेय को आज तीसरी बार पूछताछ के लिए बुलाया गया था।

वहीं, इस मामले में एनसीबी के जांच अधिकारी व एनसीबी के जोनल डायरेक्टर समीर वानखड़े को समीक्षा बैठक के लिए दिल्ली बुलाया गया है। एएनआइ के अनुसार, वे आज शाम दिल्ली पहुंचेंगे। इससे पहले वानखड़े ने मुंबई पुलिस कमीश्नर को एक पत्र लिख कर इस मामले में जांच को लेकर खुद उन्हें फंसाने का साजिश का आरोप लगाया था।

वहीं, ड्रग केस में लगातार मुखर एनसीपी नेता व महाराष्ट्र के मंत्री नवाब मलिक ने समीर वानखड़े पर नए सिरे से हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि समीर वानखड़े एक फर्जी व्यक्ति है। इसका जन्म प्रमाण पत्र समीर दाऊद वानखेड़े का है। इसने जन्म प्रमाण पत्र में छेड़छाड़ की और उनके पिताजी ने धर्मांतरण करने के बाद जो नाम बदला था उसे दुरुस्त किया। इसी आधार पर उसने अपना जाति प्रमाण पत्र निकाला। उन्होंने आगे कहा, आइआरएस के उम्मीदवारों के अधिकारों को फर्जीवाड़ा करके छीना गया है। फर्ज़ी मामले बनाना, लोगों से बड़े पैमाने पर पैसा वसूल करना और वो ही पैसा बिल्डरों के पास पार्क करना। इसने बड़े पैमाने में फर्ज़ी मामले बनाए, लोगों को डराया, पैसे वसूल किए। मालूम हो कि नवाब मलिक के दामाद भी ड्रग केस में फंसे हैं।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More