मोदी ने बांग्लादेश जाकर किया आचार संहिता का उल्लंघन, चुनाव आयोग में करूंगी शिकायत : ममता बनर्जी

खड़गपुर : पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री व तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष ममता बनर्जी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर बांग्लादेश दौरे के दौरान आदर्श भाषण में पश्चिम बंगाल का जिक्र कर राज्य में जारी विधानसभा चुनाव के आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने का आरोप लगाया। ममता बनर्जी ने 2019 के लोकसभा चुनाव में जब एक बांग्लादेशी एक्टर हमारी रैली में शामिल हुए तो बीजेपी ने बांग्लादेश की सरकार से बात की थी और उनका वीजा-पासपोर्ट रद्द कर दिया गया था।

ममता बनर्जी ने कहा कि अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोंदी ने बांग्लादेश दौरे के दौरान एक वर्ग के लोगों से वोट मांगा है तो क्यों नहीं उनका वीजा रद्द होना चाहिए। उन्होंने कहा कि वे इसकी शिकायत चुनाव आयोग से करेंगी।


ममता बनर्जी ने कहा कि यहां चुनाव जारी है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बांग्लादेश में लेक्चर दे रहे हैं। यह पूरी तरह से आदर्श चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन है। ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि इससे पहले वे अमेरिका जाकर डोनाल्ड ट्रंप के लिए वोट मांग चुके हैं।

ममता बनर्जी ने खड़गपुर में जनसभा को संबोधित करने के दौरान मोदी की आलोचना करते हुए कहा कि बांग्लादेश हमारा दोस्त है। बांग्लादेश व बंगाल के फिल्म स्टार एक साथ काम करते हैं, जब वहां के एक स्टार हमारी रैली में शुभकामना देने के लिए आए तो आपने उसका पासपोर्ट-वीजा कैंसिल कर दिया, लेकिन आज जब बांग्लादेश जाकर ऐसा करते हैं तो आपके साथ क्या होना चाहिए। उन्होंने कहा कि आपने अमेरिका जाकर ट्रंप के समर्थन में वोट मांगा था। उन्होंने पूछा कि क्या आपका वीजा-पासपोर्ट रद्द नहीं होना चाहिए।

ममता बनर्जी ने कहा कि वे कहते हैं कि ममता ने बांग्लादेश के लोगों की यहां घुसपैठ करायी है और वे खुद वोट की मार्केटिंग के लिए बांग्लादेश जाते हैं।

 

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More