कर्नाटक के बाद छत्तीसगढ में झारखंड के मजदूरों के साथ बुरा व्यवहार

रांची : कर्नाटक के बाद छत्तीसगढ में भी झारखंड के मजदूरों के साथ बुरा व्यवहार किया गया है. छत्तीसगढ के वरिष्ठ पत्रकार आलोक पुतुल ने इस संबंध में एक ट्वीट किया है जिसे छत्तीसगढ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को भी टैग किया है. आलोक पुतुल ने लिखा है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के आदेश के 24 घंटे भी नहीं बीते थे, जिसमें दूसरे राज्यों के श्रमिकों को भोजन और उन्हें सीमा तक पहुंचाने की बात कही गयी थी. रायपुर में झारखंड के 120 मजदूरों को लाकर चौराहे पर पटक दिया गया और कहा गया कि वाहन ढूंढो और दफा हो जाओ.
छत्तीसगढ़ के CM @bhupeshbaghel के आदेश को 24 घंटे भी नहीं बीते थे, जिसमें दूसरे राज्यों के श्रमिकों के भोजन और उन्हें सीमा तक पहुंचाने की बात कही गई थी; रायपुर में झारखंड के 120मज़दूरों को ला कर चौराहे पर पटक दिया गया और कहा गया कि वाहन ढूंढो और दफा हो जाओ. #सब_याद_रखा_जायेगा pic.twitter.com/gKLjtyvMFT
— Alok Putul (@thealokputul) May 10, 2020
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने एक ट्वीट में कहा था कि इस संकट के समय में हम सबका कर्तव्य है कि प्रत्येक जरूरतमंद की मदद की जाए. छत्तीसगढ राज्य भी मानवता की सेवा हेतु अपना फर्ज निभा रहा है. यहां से गुजरने वाले किसी भी व्यक्ति को खाना-पानी से लेकर सीमा पार करने तक में कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए. सब अपने ही तो हैं. सब सुरक्षित, सुखी रहें.
उन्होंने एक अन्य ट्वीट में कहा था कि जो श्रमिक छत्तीसगढ होते हुए अपने राज्य में जा रहे हैं उनके लिए भोजन पानी के साथ ही आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश जिला कलेक्टरों को दिया गया है. श्रमिक साथियों को कोई परेशानी नहीं होने देंगे.


