दुमका में टाइगर फोर्स ने JMM नेता व CM हेमंत के विधायक प्रतिनिधि पंकज मिश्रा का पुतला फूंका, पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने का आरोप

दुमका : संताल परगना महाविद्यालय, दुमका के समीप सिदो-कान्हू मुर्मू छात्र टाइगर फोर्स संताल परगना, दुमका, झारखंड की ओर से शुक्रवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय सचिव सह बरहेट विधायक प्रतिनिधि पंकज मिश्रा का पुतला दहन किया गया। टाइगर फोर्स ने कहा कि साहिबगंज जिले के आदिवासी, मूलवासियों की जमीन पर अवैध पत्थर खदान एवं पहाड़ी क्षेत्रों के प्राकृतिक सौंदर्य को बिगाड़ कर कर पत्थर व्यवसाय करने तथा अवैध वसूली करने के विरोध में पंकज मिश्रा का पुतला दहन किया गया है। संगठन ने कहा कि हम उनका घोर विरोध करते हैं।
टाइगर फोर्स के अनुसार, झारखंड मुक्ति मोर्चा झारखंड राज्य के लिए जल, जंगल, जमीन के हितों में बात करती है कि इसे लूटने नहीं देंगे और उसी पार्टी के आदमी ही जल, जंगल, जमीन तथा यहां के मूलवासियों-आदिवासियों को लूटने का काम कर रहे हैं। कारण यह है कि पंकज मिश्रा बाहरी आदमी है, इसलिए वह यहां की प्राकृतिक विरासत, पहाड़ी-पर्वत का पत्थर व्यवसाय कर अवैध वसूली का काम करता है। सवाल यहां यह भी उठता है कि आदिवासी बहुल क्षेत्रों में बाहरी को विधायक प्रतिनिधि बनाने से हमारे संताल परगना सोना दिसोम से प्राकृतिक खनिज संपदा को लूटा जा रहा है।
#Dumka #Jharkhand #Environment #PankajMishraJMM
दुमका में टाइगर फोर्स के सदस्यों ने शुक्रवार को झामुमो नेता पंकज मिश्रा का पुतला फूंका और उन पर पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से कार्रवाई की मांग की। pic.twitter.com/IBzVmjOX3u— Samridh Jharkhand (@samridhnews) March 5, 2021
टाइगर फोर्स ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मांग की है है कि बाहरी आदमी पंकज मिश्रा को आदिवासी बहुल क्षेत्र बरहेट के विधायक प्रतिनिधि पद से अविलंब कार्रवाई करते हुए हटाया जाए और जितने भी बाहरी लोग पत्थर व्यवसाय करते हैं, उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाए। यहां जितना भी पत्थर खदान खोला गया है अधिकतर लोग बाहर ही हैं। आदिवासी, मूलवासियों की जमीन पर जबरन कब्जा करके अवैध रूप से पत्थर व्यवसाय किया जा रहा है जो कि एसपीटी एवं सीएनटी एक्ट के खिलाफ है। जबकि यहां जिनकी जमीन है उन्हीं को मालिकाना हक मिलना चाहिए। हमेशा बाहरी लोगों को लाभ मिलता है और यहां की प्राकृतिक विरासत पहाड़ी को उजाड़ कर पर्यावरण को दूषित किया जा रहा रहा है।
बोरियो के विधायक लोबिन हेंब्रम ने पंकज मिश्रा के खिलाफ आंदोलन छेड़ा है और जल, जंगल, जमीन को बचाने का सकारात्मक पहल करने के लिए टाइगर फोर्स उनका पूर्ण समर्थन करती है। टाइगर फोर्स ने कहा है कि सरकार अविलंब कार्रवाई करे अन्य व्यापक आंदोलन खड़ा किया जाएगा। विरोध प्रदर्शन में छात्र श्यामदेव हेंब्रम, राजेंद्र मुर्मू, हरेंद्र हेंब्रम, दिनेश टुडू, सुलिस सोरेन, किट्टू सोरेन, आरर्नेस हेंब्रोम, दिनेश मुर्मू, अरुण बेसरा, बाबूधन हांसदा, संदीप हंसदा, मुन्ना हांसदा, अनिल मुर्मू, साइमन टूडू, अभिजीत टुडू, जयदेव हांसदा आदि शामिल थे।


