दीपक प्रकाश को झारखंड भाजपा की कमान, प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किए गए

रांची : लंबे समय तक झारखंड प्रदेश भाजपा के महामंत्री पद की जिम्मेवारी संभालते रहे दीपक प्रकाश को पार्टी ने आज प्रमोशन देते हुए प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया. दीपक प्रकाश की प्रदेश अध्यक्ष पद पर नियुक्ति पर राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मुहर लगायी है. मालूम हो कि कल ही झारखंड भाजपा विधायक दल का नेता 14 साल बाद पार्टी में लौटे बाबूलाल मरांडी को बनाया गया था. उस समय राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने कहा था कि नए प्रदेश अध्यक्ष का एलान जल्द होगा.
दीपक प्रकाश प्रदेश अध्यक्ष के रूप में लक्ष्मण गिलुवा की जगह लेंगे. गिलुवा लोकसभा चुनाव व विधानसभा चुनाव में हार गए थे. विधानसभा चुनाव में उनके नेतृत्व में पार्टी का प्रदर्शन भी संतोषजनक नहीं रहा. हालांकि उनका कार्यकाल पूरा हो गया था और देश भर में संगठन में नयी नियुक्तियों का सिलसिला जारी है, जाहिर है ऐसे में किसी नए शख्स को प्रदेश बनाया जाना ही था.
दीपक प्रकाश को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने पर पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं. अब झारखंड में भाजपा की कमान बाबूलाल मरांडी एवं दीपक प्रकाश के हाथों में रहेगी.
श्री दीपक प्रकाश जी को @BJP4Jharkhand का प्रदेश अध्यक्ष बनाये जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनायें। उन्हें संगठन में कार्य करने का लंबा अनुभव है। आशा है कि उनके नेतृत्व में पार्टी नयी ऊंचाईयों को प्राप्त करेगी।@JPNadda @blsanthosh @BJP4India
— Raghubar Das (@dasraghubar) February 25, 2020


