झारखंड हाइकोर्ट ने कोरोना वायरस के बढते मामलों व जांच की धीमी गति पर सरकार को चेताया

रांची : झारखंड हाइकोर्ट ने झारखंड में कोरोना वायरस के बढते मामले और जांच की धीमी रफ्तार पर झारखंड सरकार को आज चेताया और कड़ी हिदायत दी. हाइकोर्ट ने कहा कि राज्य में कहीं बिहार जैसे हालात न हो जाए इसलिए सरकार को कोरोना पर जल्द काबू पाना होगा। राज्य में कोरोना जांच की सुस्त रफ्तार पर अदालत ने चिंता जतायी और कहा कि जब हाइकोर्ट के कर्मियों की जांच रिपोर्ट में इतना समय लग रहा है तो राज्य की जनता का क्या हाल हो रहा होगा.
हाइकोर्ट ने नए भवन में कोर्ट के कर्मियों व जज गेस्ट हाउस को जज के लिए आइसोलेशन सेंटर बनाने का सुझाव दिया है. अदालत ने धुर्वा स्थिति ज्यूडिशियल एकेडमी के खाली भवन के उपयोग का भी सुझाव दिया. कोर्ट ने कहा कि इसके लिए सरकार प्रस्ताव भेजे. कोर्ट ने यह भी कहा कि स्वास्थ्य सचिव के साथ बैठक में सुधार का दावा किया जाता है, लेकिन सुधार होता दिखता नहीं है.


