#MVRoa झारखंड के नए डीजीपी बने एमवी राव, कमल नयन चौबे दिल्ली ट्रांसफर

रांची : झारखंड के मौजूदा डीजीपी कमल नयन चौबे को पद से हटाते हुए आज एमवी राव को डीजीपी का प्रभार दिया गया. एमवी राव के डीजीपी नियुक्ति को लेकर गृह कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने अधिसूचना जारी कर दी है. वहीं, चौबे का ट्रांसफर दिल्ली कर दिया गया है. ज्ञात हो कि आईपीएस कमल नयन चौबे 31 मई 2019 को डीके पांडेय की सेवानिवृति के बाद पद संभाला था. 1986 बैच के आईपीएस अधिकारी चौबे पहले बीएसएफ में तैनात थे.
एमवी राव वर्तमान में महानिदेशक सह महासमादेष्टा गृहरक्षा वाहिनी एवं अग्निशमन सेवा झारखण्ड के पद पर कार्यरत हैं. अधिसूचना जारी होने के बाद वे अपने इस पद पर रहते हुए इसी वेतनमान में डीजीपी के अतिरिक्त प्रभार में रहेंगे.
प्रकाश सिंह बनाम भारत सरकार मामले में आए फैसले के अनुसार, डीजीपी की नयी पोस्टिंग के लिए सीमाएं तय हैं. सरकार को इसके लिए शीर्ष नाम यूपीएससी को भेजना होता है, यूपीएससी इसमें तीन नामों का पैनल राज्य को वापस भेजता है, जिसमें सरकार को एक पर मुहर लगानी होती है. जानकारी के अनुसार, नए डीजीपी राव वरीयता में पांचवें स्थान पर हैं.


