झारखंड : CM हेमंत सोरेन के काफिले को रोक हंगामा करने की आरोपी पार्षद रौशनी खलखो ने किया सरेंडर

रांची (Ranchi) : रांची में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन (Hemat Soren) के काफिले को रोक कर हंगामा करने की आरोपी पार्षद रौशनी खलखो (Roshni Khalkho surrendered) ने मंगलवार को अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया। रौशनी खलखो ने सिविल कोर्ट के सब जज अभिषेक प्रसाद की अदालत में आत्मसमर्पण किया है।

इससे पहले मुख्यमंत्री के काफिले पर हमला करने व हंगामे के आरोपी भैरव सिंह, शशांक राज व अन्य ने सरेंडर किया था।

यह हंगामा तब किया गया था जब रांची के ओरमांझी में एक युवती की सिरकटी लाश मिली। इस हमले को लेकर एक तबके ने सड़क पर विरोध शुरू किया और बहन-बेटियों की सुरक्षा का मुद्दा उठाया। इसी क्रम में चार जनवरी 2021 की शाम मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जब अपने काफिले के साथ धुर्वा स्थित मंत्रालय से कांके रोड स्थित आवास लौट रहे थे तो हरमू रोड में उनके काफिले को रोक कर विरोध जताया गया था। हालांकि इस दौरान मुख्यमंत्री की गाड़ी को अन्य रूट से सीएम हाउस तक पहुंचाया गया लेकिन उस बवाल में सीएम के काफिले की कई दूसरी गाड़ियां फंस गयीं।

सत्ताधारी झामुमो ने इसके पीछे भाजपा का हाथ बताया था और आरोप लगाया था कि इस पूरे विवाद में भाजपा के लोग शामिल हैं। रांची पुलिस ने इस मामले में 73 लोगों पर मामला दर्ज किया था। रौशनी खलखो भाजपा से भी जुड़ी हैं। इस मामले में पुलिस ने अबतक 40 लोगों को जेल भेजा है जिसमें आठ को जमानत भी मिल गयी है।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More