झारखंड : दीपक प्रकाश ने कोयला खनन पर हेमंत सोरेन को घेरा, याद कराया थैंक्स लेटर

रांची : झारखंड में इन दिनों कोयला खदान पर केंद्रित राजनीति हो रही है. इसी क्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने आज मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर सवाल उठाया. दीपक प्रकाश ने एक प्रेस कान्फ्रेंस में कहा कि कोयला खनन के निजीकरण को लेकर झारखंड सरकार की ओर से केंद्र को एक पत्र भेजा गया था और उसमें इसके लिए थैंक्स यानी धन्यवाद कहा गया था. उन्होंने कहा कि केंद्रीय कोयला मंत्रालय के ज्वाइंट सेक्रेटरी रैंक के अफसर यहां आते हैं और यहां के माइनिंग सेक्रेटरी से मिलते हैं तो कहा जाता है कि कोई आपत्ति नहीं है.

वहीं, सरकार के द्वारा इस मामले में सुप्रीम कोर्ट में एक हलफनामा दिया जाता है और उसमें भी इस नीलामी की प्रक्रिया का विरोध नहीं है, सिर्फ टाइम फैक्टर की बात है. सिर्फ यह कहा गया है कि यह कोरोना काल है इसमें हमको आपत्ति है. उन्होंने कहा कि यहां पर राज्य सरकार राज्य हित की अनदेखी कर रही है, देशहित की अनदेखी कर रही है.


राज्य सरकार कह रही है कि यहां पर पर्यावरण को खतरा होगा, विस्थापन की समस्या होगी, लेकिन यह बात भारत सरकार एवं सुप्रीम कोर्ट को नहीं लिखी गयी है.

दीपक प्रकाश ने कहा कि राज्य में जबरदस्त अवैध खनन हो रहा है. उन्होंने कहा कि अगर इसे वैध बनाया जाएगा तो अवैध माइनिंग रूकेगी. उन्होंने कहा कि इससे लगभग 50 हजार रोजगार सृजन होगा. कोरोना काल खंड में बहुत से प्रवासी आए हैं और उनमें बड़ी संख्या में ऐसे हैं जो यहां रहकर रोजगार करना चाहते हैं तो हम उन्हें लगा सकते हैं.


उन्होंने कहा कि कोयला का उत्पादन बढने से विदेश से मंगाने में हमारी विदेशी मुद्रा भी बचेगी. उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन में अवैध ढंग से कोयले की नीलामी होती रही है. उन्होंने कहा कि अब पारदर्शी ढंग से नीलामी होगी और राजस्व का लाभ सिर्फ राज्य सरकार को मिलेगी.

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More