भारत में कोरोना वायरस के 28 मामले मिले, पीएम मोदी, शाह सहित भाजपा के होली मिलन कार्यक्रम रद्द

नयी दिल्ली : अबतक कोरोना वायरस से करीब-करीब बचे भारत में अब इस जानलेवा बीमारी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है. स्वास्थ्य मंत्री डाॅ हर्षवर्द्धन ने आज कहा कि देश में कोरोना वायरस के 28 मामले मिले हैं. इनमें 16 इटली के नागरिक हैं और बाकी भारतीय हैं. इटली के नागरिकों का एक भारतीय ड्राइवर भी कोरोना की चपेट में है. आगरा में जिन छह लोगों की जांच की गयी थी, उनके मामले पाॅजिटिव आए हैं. वहीं, हैदराबाद में एक मामला मिला है, जो दुबई से लौटा है. तीन मामले केरल में मिले हैं.


स्वास्थ्य मंत्री डाॅ हर्षवर्द्धन ने कहा कि कोरोना से प्रभावित 12 देशों से आने वाले सभी फ्लाइटों के यात्रियों की जांच करायी जा रही है. स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि कल तक विभिन्न एयरपोर्ट पर 5.89 लाख यात्रियों की जांच की गयी.

उधर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं गृहमंत्री अमित शाह ने कोरोना वायरस के खतरे के मद्देनजर होली मिलन समारोह का आयोजन नहीं करने का निर्णय लिया है. ये दोनों नेता ऐसे आयोजनों में इस साल शामिल नहीं होंगे. वहीं, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने राज्य इकाइयों को कहा है कि वे कोरोना वायरस के खतरे के मद्देनजर होली मिलन समारोह का आयोजन नहीं करें.

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More