गुमला में दो सगे भाइयों की टांगी से काट कर हत्या, शव को ऐसे बेड पर छोड़ा जैसे सोए हुए हों

पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है, मौत से पहले दोनों भाइयों ने अपने नए घर में गुरुवार की रात पार्टी की थी

गुमला : झारखंड के गुमला जिले के रायडीह थाना क्षेत्र के नवागढ़ पतराटोली गांव में दो सगे भाइयों की हत्या कर दी गयी. प्रकाश बेक और जोसेफ बेक दोनों सगे भाई थे और उनकी टांगी से काट कर हत्या कर दी गयी। पुलिस इस मामले की जांच में जुटी है। गुमला एसपी एचपी जनार्दन चैनपुर एसडीपीओ कुलदीप कुमार, थाना प्रभारी संजय कुमार ने घटना स्थल पर पहुंच कर हालात का जायजा लिया। दरअसल 35 वर्षीय जोसेफ बेक और 36 वर्षीय प्रकाश बेक की हत्या दो दिन पहले ही कर दी गयी थी, लेकिन इसकी जानकारी शनिवार को मिली।

दोनों भाइयों की हत्या कर अपराधियों ने शव को बिस्तर पर ही छोड़ दिया। बुजुर्ग मां कृपा बेक को इस दौरान यह पता भी नहीं चला कि उनके दोनों बेटों की हत्या हो चुकी है और अब जब उन्हें जानकारी मिली है तो वे बेसुध हैं।

जोसेफ पहले वार्ड पार्षद थे और वे खेतीबारी कर अपना गुजारा करते थे। शनिवार सुबह पुलिस को घटना की सूचना मिली तो शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए गुमला सदर अस्पताल भेज दिया।

जानकारी के अनुसार, मृतक भाइयों के दो घर हैं। नये घर में गुरुवार को दोनों भाइयों ने कुछ दोस्तों के साथ पार्टी की थी। शुक्रवार को जब उनकी मां पुराने घर से देखने गयीं तो दोनों को बिस्तर पर पड़ा देखा। उन्होंने ऐसे में सोचा कि शराब पी कर दोनों सोए हुए हैं। इसलिए वह अपने पुराने घर में चली गयीं। लेकिन, शुक्रवार को देर रात तब जब वे नहीं आए तो फिर वे उन्हें देखने गयीं और इस बार दोनों का शरीर खून से लथपथ पाया और उनकी सांस बंद हो चुकी थी।

इसके बाद शनिवार सुबह पुलिस ने गांव जाकर शव जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस यह पता कर रही है कि उन्होंने किन लोगों के साथ पार्टी की। मामले को जमीन विवाद से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More