सरकार गठन पर बोले नितिन गडकरी, मेरा महाराष्ट्र लौटने का सवाल ही नहीं

नागपुर : भाजपा के दिग्गज नेता नितिन गडकरी ने इन चर्चाओं को खारिज कर दिया है कि वे महाराष्ट्र के अगले मुख्यमंत्री बन सकते हैं. उन्होंने आज अपने गृहनगर नागपुर में कहा कि वे अभी दिल्ली में हैं और उनका महाराष्ट्र लौटने का सवाल ही नहीं उठता है. उन्होंने कहा कि वे दिल्ली में अपना काम जारी रखेंगे. उन्होंने कहा कि राज्य में भाजपा-शिवसेना गठबंधन को बहुमत मिला है और जिसके पास अधिक सीटें होती है, उसी का मुख्यमंत्री होता है. उन्होंने कहा कि हमारे दल भाजपा को 105 सीटें मिली हैं और इस नाते भाजपा से ही मुख्यमंत्री होना चाहिए.
नितिन गडकरी ने कहा कि शिवसेना के साथ सरकार गठन पर बात चल रही है और जल्द ही इस संबंध में फैसला होगा. उन्होंने कहा कि राज्य में हमारे नेता के तौर पर देवेंद्र फडणवीस का चयन हुआ है और उनके नेतृत्व में ही सरकार बननी चाहिए.
नितिन गडकरी ने आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत से आज अपनी प्रस्तावित मुलाकात के संबंध में कहा कि इसका इस मामले से कुछ लेना-देना नहीं है. उन्होंने कहा कि मोहन भागवत व आरएसएस का इससे कुछ लेना-देना नहीं है.


