वैधानिक अड़चनों को दूर किए बिना विजय माल्या का प्रत्यर्पण नहीं : ब्रिटेन सरकार

नयी दिल्ली : बैंकों के हजारों करोड़ उधार लेने वाले भगोड़ा कारोबारी विजय माल्या का प्रत्यर्पण बिना वैधानिक अड़चनों को दूर किए संभव नहीं है. ब्रिटिश उच्चायोग के प्रवक्ता ने कहा है कि उनके प्रत्यर्पण की व्यवस्था से पहले गोपनीय वैधानिक मुद्दे का हल ढूंढना होगा. हिंदुस्तान टाइम्स ने ब्रिटिश उच्चायोग के हवाले से खबर दी है कि अभी तुरंत उनका प्रत्यर्पण नहीं होने जा रहा है.
विजय माल्या किंगफिशर एयरलाइन के मालिक थे और उन पर बैंकों से हजारों करोड़ कर्ज लेकर उसे नहीं चुकाने का आरोप है. सीबीआइ व इ्रडी जैसी एजेंसियों उनके मामले की जांच कर रही है. लंदन के कोर्ट में भी विजय माल्या का मामला चल रहा है, लेकिन अभी इसके रास्ते में और वैधानिक अड़चने हैं.
विजय माल्या की बहुत सारी संपत्तियों को कुर्क किया गया है. कल भारतीय मीडिया के एक तबके ने खबर दी थी कि देर रात उन्हें लंदन से मुंबई लाया जा सकता है. उधर, टाइम्स समूह ने विजय माल्या के हवाले से इस खबर पर प्रतिक्रिया दी है कि वे लोग ही जानें कि वे क्या कहते हैं. माल्या की ओर से कहा गया है कि उन्हें प्रत्यर्पण की कोई जानकारी नहीं है.


