गैंगस्टर विकास दुबे इनकाउंटर : यूपी एसटीएफ ने इनकाउंटर से पहले क्या और कैसे हुआ?

कानपुर : कानपुर का कुख्यात गैंगस्टर विकास दुबे शुक्रवार की सुबह उज्जैन से कानपुर लाए जाने के दौरान इनकाउंटर में मारा गया. उसे गुरुवार को उज्जैन के महाकाल मंदिर से गिरफ्तार किया गया था और उसी दिन शाम में यूपी एसटीएफ उसे लेकर कानुपर के लिए रवाना हुई. आज यूपी पुलिस ने उसकी मौत के बाद कहा कि पुलिस काफिले की एक गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई जिसके बाद विकास दुबे ने पुलिस पिस्टल छीन कर भागने की कोशिश की और इसी में मारा गया. उसकी जिस तरह मौत हुई है उस पर लोगों द्वारा सवाल उठाया जाता रहा और लोगों ने उसे सुनियोजित तक बताया.
अब उत्तरप्रदेश एसटीएफ ने एक प्रेस बयान जारी कर पूरी घटना को लेकर अपना पक्ष रखा है. यूपी एसटीएफ ने अपने बयान में कहा है कि उसे एसटीएफ डीएसपी तेज बहादुर सिंह के नेतृत्व में कानपुर लाया जा रहा था, इसी दौरान कानपुर जिले के सचेंडी थाना अंतर्गत कन्हैया लाल अस्पताल के सामने हाइवे पर अचानक गाय भैंस का झुंड सड़क पर आ गया.
STF ने #विकास_दुबे मुठभेड़ मामले में प्रेस नोट जारी किया। “मार्ग पर अचानक से गाय-भैंसों का एक झुंड भागता हुआ आया। उन्हें बचाने की कोशिश में चालक ने वाहन को मोड़ा जिससे वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया…।” pic.twitter.com/FaBC2C4eyo
— ANI_HindiNews (@AHindinews) July 10, 2020
इससे इंसपेक्टर रमाकांत पचैरी, सब इंस्पेक्टर पंकज सिंह, अनूप सिंह व सिपाही सत्यवीर एवं प्रदीप कुमार को गंभीर चोट आयी, इससे वे कुछ देर के लिए बेहोश हो गए. इस घटना का लाभ उठाकर वाहन में बैठा दुर्दांत अपराधी विकास दुबे इंसपेक्टर रमाकांच पचैरी की पिस्टल छीन ली और कच्चे रास्ते से भागने लगा.
पीछे से सरकारी वाहन से आ रहे डीएसपी तेज बहादुर सिंह जब दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी के पास पहुंचे तो उन्हें घायल पुलिस कर्मियों ने बताया कि मौके का लाभ उठा कर विकास दुबे कच्चे रास्ते से भाग निकला. इसके बाद डीएसपी ने घायल पुलिस कर्मियों का इलाज कराने का निर्देश देकर पुलिस कर्मियों के साथ विकास दुबे का पीछा किया. विकास दुबे ने पुलिस वालों को मारने की नीयत से सरकारी पिस्टल से फायर किया.
पुलिस कर्मी उसे पकड़ने के लिए काफी करीब पहुंच गए थे लेकिन वह लगातार फायर करता रहा. इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षार्थ उस पर जवाबी फायरिंग किया, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा. इलाज के लिए उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया जहां जांच के बाद डाॅक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
एसटीएफ ने बयान में कहा है कि विकास दुबे की फायरिंग में मुख्य आरक्षी शिवेंद्र सिंह सेंगर व आरक्षी विमल यादव घायल हो गए, जिनका इलाज चल रहा है.


