हिजला मेले का आयोजन नहीं होने से दुमका के ग्रामीणों में रोष, पूछा – सारे आयोजन हो रहे हैं तो मेला क्यों नहीं?

दुमका : राजकीय जनजातीय हिजला मेला महोत्सव 2021 का आयोजन नहीं होने से दुमका के ग्रामीणों में नाराजगी और रोष देखा जा रहा है। मेला का आयोजन हो, इसको लेकर हिजला गांव में हिजला गांव के ग्रामीण और दिसोम मरांग बुरू संताली अरीचली आर लेगचार अखड़ा ने एक कुल्ही दुरुप, बैठक सोमवार को किया। ग्रामीणों का कहना है कि राज्य का एक मात्र राजकीय जनजातीय हिजला मेला महोत्सव है। 131 वर्षाें से यह मेला लगातार आयोजित होता आया है। इसका ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और धार्मिक महत्व है।
इस बार कोरोना के कारण मेला नहीं होने पर ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और दुमका के विधायक बसंत सोरेन से सवाल पूछा है कि आखिर अबुवा दिसोम अबुवा राज में राजकीय जनजातीय हिजला मेला महोत्सव का आयोजन क्यों नही हो रहा है? ग्रामीणों का कहना है कि वर्तमान समय में ही दुमका और आसपास के गांवों में फुटबॉल मैच का आयोजन किया जाता है, जिसमें सत्ताधारी पार्टी के नेता और विपक्ष के नेता शामिल होते हैं। इसके साथ-साथ प्रशासन के अधिकारी भी शामिल होते हैं। दुमका के हाट बाजार भी लग रहे हैं। इसके साथ-साथ झारखंड से सटे राज्य बंगाल के साथ-साथ कई राज्यों में चुनाव भी होने वाला है। जहाँ वर्तमान समय में बड़ी-बड़ी रैली और सभाएं हो रही हैं, जिसमें झारखंड के पक्ष-विपक्ष की पार्टी के नेता चुनावी प्रचार में जा रहे हैं, लेकिन अबुवा दिसोम अबुवा राज में कोरोना के कारण राजकीय जनजातीय हिजला मेला महोत्सव का आयोजन नहीं होना ग्रामीणों को समझ से परे हैं।
#HijlaMela #Jharkhand #दुमका जिले के हिजला गांव के ग्रामीण हिजला मेले की मांग करते हुए। उन्होंने बड़ा सवाल पूछा है कि जब सारे आयोजन हो रहे हैं तो जनजजातीय हिजला मेले का आयोजन क्यों नहीं होगा?@HemantSorenJMM @BasantSorenji @JharkhandCMO @sunilsoren_mp pic.twitter.com/SuUcYWv2DL
— Samridh Jharkhand (@samridhnews) March 2, 2021
ग्रामीणों का यह भी कहना है कि जब अत्यधिक कोरोना था उस समय दुमका और अन्य विधानसभा में सफल उपचुनाव भी हुआ है। हिजला मेला नहीं होने पर ग्रामीणों ने रोष और नाराजगी व्यक्त किया है। हिजला गांव के ग्रामीणों में यह भी रोष है कि हिजला मेला परिसर में स्थित संताल आदिवासियों का पूज्य स्थल दिसोम मरांग बुरु थान का अब तक पक्कीकरण नही कराया गया है, जबकि सत्ता पक्ष के कई दिग्गज नेता स्वयं चुनाव के समय यहां माथा टेका था। ग्रामीणों का कहना है कि जन प्रतिनिधि सिर्फ चुनाव के समय यह आश्वासन देते आये हैं कि दिसोम मरांग बुरु थान का भव्य पक्कीकरण किया जाएगा लेकिन अब तक नही किया गया है। अखड़ा और ग्रामीणों का मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और दुमका विधायक बसंत सोरेन से यह मांग है कि एक मात्र राजकीय जनजातीय हिजला मेला महोत्सव का आयोजन किया जाय और मेला परिसर में स्थित संताल आदिवासियों का पूज्य स्थल दिसोम मरांग बुरु थान का भव्य पक्कीकरण किया जाए। इस मौके में सोम हांसदा, गणेश हांसदा, मरकुस हेम्ब्रम, लाल हांसदा, दिलीप सोरेन, विलास हेम्ब्रम, सीता राम सोरेन, सुनिलाल हांसदा, रामेश्वर हांसदा, बुदिलाल हांसदा, विनोद हांसदा, पुलिस हांसदा, दुलार मरांडी, फुलमुनि मुर्मू, टेरेसा सोरेन, छोटू किस्कु, सुहागनी मुर्मू, संतोष हेम्ब्रम, ललिता किस्कु, संजय हांसदा, मनोज हेम्ब्रम, कदरु हांसदा के साथ काफी संख्या में महिला और पुरुष उपस्थित थे।


