यूपी : गाजियाबाद में गुंडों की गोली के शिकार हुए पत्रकार विक्रम जोशी की मौत, भांजे ने बतायी खौफ भरी घटना

 

गाजियाबाद: उत्तरप्रदेश के गाजियाबाद के विजयनगर में भांजी के साथ छेड़खानी का विरोध करने पर अपराधियों की गोली के शिकार बने पत्रकार विक्रम जोशी की बुधवार सुबह मौत हो गयी. विक्रम जोशी को 20 जुलाई को अपराधियों ने उनके घर के नजदीक ही गोली मार दी थी, जिसके बाद से गंभीर हालत में वे अस्पताल में भर्ती कराए गए थे. डाॅक्टरों ने बताया कि विक्रम जोशी के सिर में गोली मारे जाने के कारण अंदरूनी हिस्से को बहुत क्षति पहुंची थी, जिससे उन्हें बचाया नहीं जा सका.

विक्रम जोशी ने अपनी भांजी से छेड़खानी का विरोध किया था और इस मामले में थाने में शिकायत दर्ज करवायी थी, जिसके बाद अपराधियों ने उन्हें बाइक से कहीं जाने वक्त गोली मार दी. उस समय उनकी बेटी उनके पास ही थी. इस घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया था.

विक्रम जोशी द्वारा शिकायत दर्ज करवाने के बाद भी पुलिस की निष्क्रियता के आरोप में प्रतापनगर चौकी प्रभारी राघवेंद्र सिंह को सस्पेंड कर दिया गया है. इइस मामले में 10 आरोपी बनाए गए हैं, जिसमें नौ गिरफ्तार किए गए है. गाजियाबाद की एसएसपी कलानिधि नौथानी ने कहा है कि दो मुख्य आरोपी रवि व छोटू सहित इस मामले में नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया है. सारे अवैध हथियार भी जब्त किए गए हैं.


विक्रम जोशी के भांजे आशीष ने इस मामले में कहा है कि इस मामले में मुख्य दोषी कमालउद्दीन का लड़का है. उसने मेरे मामा की कनपटी में गोली मारी. उन्होंने कहा कि घटना के दिन मेरे मामा मेरी बहन को लेकर जा रहे थे, उसी समय उन्हें गोली मारी. उसने कहा कि 15 से 20 अपराधी थे. गोली मारने से पहले उन्होंने थप्पड़ मारी. उसने बताया कि बाइक पर मामा की बेटी आगे बैठी थी और मेरी बहन पीछे थी. अगर वे बाइक तेज भगाते तो लड़की को गोली लगती. उसने बताया कि उस दिन उसकी बहन का जन्मदिन था. पुलिस पर निष्क्रिय होने का भी उसने आरोप लगाया.

गाजियाबाद के डीएम अजय शंकर पांडेय ने पत्रकार विक्रम जोशी हत्या मामले में कहा है कि मुख्यमंत्री ने 10 लाख रुपये परिवार को मदद देने की बात कही है और उनकी पत्नी को नौकरी दी जाएगी.

उधर, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इस पर सवाल उठाया है. उन्होंने ट्विटर पर लिखा है कि अपनी भांजी से छेड़छाड़ का विरोध करने पर पत्रकार विक्रम जोशी की हत्या कर दी गयी. शोकग्रस्त परिवार कोमेरी सांत्वना. वादा था राम राज का, दे दिया गुंडाराज.


समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री ने ट्विटर पर पूछा है कि अपराधियों व बदमाशों के हौसले किसके बलबूते पर फल फूल रहे हैं.

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More