विश्व जल दिवस पर संगोष्ठी का आयोजन, सरयू राय बोले – 16 सालों में रांची के 45 से 50 तालाब हो गए लुप्त

रांची : स्वयंसेवी संस्था युगान्तर भारती, नेचर फाउण्डेशन, जल जागरूकता अभियान, सिविल सोसाइटी और दामोदर बचाओ आंदोलन के संयुक्त तत्वाधान में विश्व जल दिवस के अवसर पर एक दिवसीय संगोष्ठी का आयोजन सोमवार को पुराना विधानसभा स्थित सभागार में किया गया। उक्त संगोष्ठी का विषय राँची शहर के जल स्रोतों का संरक्षण था। संगोष्ठी का उद्घाटन दामोदर बचाओ आंदोलन के अध्यक्ष सरयू राय एवं अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से किया।
इस संगोष्ठी के अध्यक्ष सरयू राय ने अपने अध्यक्षीय भाषण में कहा कि प्रत्येक वर्ष हमलोग विश्व जल दिवस के अवसर देश के प्रख्यात पर्यावरणविद और पानी बचाने में अपनी महती भूमिका निभाने वाले गणमान्य व्यक्तियों को आमंत्रित करते थे। परंतु इस वर्ष हमने सोचा कि स्थानीय नागरिकों के साथ इस कार्यक्रम का आयोजन किया जाय। राँची के विभिन्न जलाशयों, डैमों के पानी को कैसे प्रदूषण मुक्त रखा जाय, उनकी मार्ग की अवस्द्धता कैसे समाप्त की जाय, इन सब विषय पर हमें मंथन करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि 2004 के आसपास राँची शहर में 45-50 से अधिक तालाब थे जो अब लुप्त हो चुके है। हरमू नदी में 100 करोड़ खर्च करने के बावजूद भी यह पहले से बदतर हालत में पहुंच चुका है, नाला बन चुका है। इसे ढंकने की नौबत आ चुकी है। राँची के नदियों, जलाशयों को बचाने उन्हें प्रदूषण मुक्त करने के लिए राँची के स्थानीय नागरिकों, सिविल सोसाइटी को आगे आना होगा। स्वर्णरेखा नदी को प्रदूषण मुक्त करने के लिए इसे पाँच भाग में बाँटना होगा। राइस मिलों का गन्दा पानी स्वर्णरेखा में जाने से बचाना होगा, औद्योगिक कचरों का अपशिष्ट नदियों में जाने से रोकना होगा, तभी स्वर्णरेखा नदी प्रदूषण मुक्त हो सकेगी।
सरयू राय ने बताया कि जिस स्थान पर नया विधान सभा भवन बना है उस स्थान से हटिया डैम में नाला के रूप में पानी का निरंतर प्रवाह होता था, जो विधानसभा बनने के कारण अब वह नाला अवरूद्ध हो गया है। नये विधानसभा परिसर से बाहर देखने पर ऐसा प्रतीत होता है कि जैसे यह कुएँ के भीतर बनाया गया है। नये विधानसभा भवन के निर्माण से क्या कुप्रभाव आसपास के पर्यावरण, पारिस्थितिकी पर पड़ रहा है, इस विषय पर शोधार्थी को शोध करने की जरूरत है।
आम आदमी को जल बचाने का संदेश देने से ज्यादा जरूरी है, समाज के शक्तिशाली लोगों, आईएएस, आईपीएस और आईआईटी जैसे मेधावी बुद्धिजीवी वर्ग को इस पर ज्यादा ध्यान देने की आवश्यकता है। इन्हें ही जल की कमी की भयावहता का आईना दिखाना जरूरी है। पहाड़ी मंदिर को एक आदमी के जिद के कारण क्षत-विक्षत कर दिया गया है। पहाड़ी मंदिर के उद्धार के लिए राँची के लोगों को एकसाथ आगे आना होगा। इसे अपने पुराने स्वरूप में वापस लाने की आवश्यकता है।
समारोह के विशिष्ट अतिथि धर्मेंद्र तिवारी ने कहा कि राँची के निवासी मुख्य रूप से पेयजल के लिए डैमों एवं भूगर्भ के जल पर आश्रित हैं। डैम का पानी पीने योग्य नहीं है। अतिक्रमण के कारण डैमों में आनेवाली पानी के शिराओं को बंद कर दिया गया हैं जिसके कारण समुचित मात्रा में पानी डैम तक नहीं पहुंच पा रहा है, वर्षा जल बर्बाद हो रहा है, और गर्मी में लोगों को पानी के संकट का सामना करना पड़ता है। अगर यही हाल रहा तो राँची के आसपास लगे उद्योग पानी के आभाव में बंद हो जायेंगे। साथ ही लोगों को शुद्ध पेयजल नहीं मिल पायेगा।
समारोह में वरिष्ठ कलाकार रामानुज शेखर को कला के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया।
स्वागत भाषण युगांतर भारती के सचिव आशीष शीतल ने किया, विषय प्रवेश युगांतर भारती के कार्यकारी अध्यक्ष अंशुल शरण ने किया, धन्यवाद ज्ञापन रवि प्रकाश एवं मंच संचालन दामोदर बचाओ आंदोलन के संयोजक प्रवीण सिंह ने किया।


