पत्रकार रवि प्रकाश को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इलाज के लिए दी दो लाख रुपये की सहायता

धर्म गुरु बंधन तिग्गा को भी मिली दो लाख की आर्थिक सहायता

रांची : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य के वरिष्ठ पत्रकार रवि प्रकाश को इलाज के लिए बुधवार को दो लाख रुपये की सहायता दी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पत्रकार रवि प्रकाश के पुत्र प्रतीक को दो लाख रुपये का चेक सौंपा। इस दौरान कांग्रेस विधायक दीपिका पांडेय सिंह भी मौजूद थीं।

पत्रकार रवि प्रकाश इस समय कैंसर के इलाज के लिए मुंबई में हैं और वहां टीएमएच में उनका इलाज चल रहा है। रवि प्रकाश फेफड़े के कैंसर से पीड़ित हैं और उनके इलाज के लिए काफी राशि की आवश्यकता है। विभिन्न पत्रकारों, कुछ संस्थाओं व सार्वजनिक जीवन में सक्रिय लोगों ने उन्हें अबतक आर्थिक सहायता पहुंचायी है।


मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने फोन पर रवि प्रकाश हाल भी जाना और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। बाद में रवि प्रकाश ने ट्वीट कर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन व विधायक दीपिका पांडेय सिंह का मुश्किल वक्त में साथ देने के लिए आभार जताया।

हेमंत सोरेन ने ट्वीट कर भी रवि प्रकाश के शीघ्र स्वस्थ होने व प्रदेश वापस लौटने की कामना की। उन्होंने लिखा कि आपकी तरह कर्मठ, कुशल व ईमानदार पत्रकारों की हमारे देश को काफी जरूरत है।

वहीं, विधायक दीपिका पांडेय सिंह ने ट्वीट कर कहा कि पत्रकार रवि प्रकाश का मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने काॅल कर हौसला बढाया और उनकी आर्थिक मदद के लिए आगे आए। उन्होंने आश्वस्त कराया कि समस्त झारखंड की दुआएं उनके साथ है और जल्द ही वे बीमारी को मात देकर वापस लौटेंगे। उन्होंने पत्रकार रवि प्रकाश के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की।

पत्रकार रवि प्रकाश को अगर आप आर्थिक सहायता पहुंचाना चाहते हैं तो इस एकाउंट नंबर व इस यूपीआइ नंबर पर मदद पहुंचा सकते हैं :

Ravi Prakash,A/C No – 20070972917 IFC Code – SBIN0003560 SBI, Patna

Upi Mobile No – 9931411111

सरना धर्म गुरु बंधन तिग्गा को भी मंगलवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इलाज के लिए दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध करायी। बंधन तिग्गा का इलाज इस समय वेल्लोर में चल रहा है। मुख्यमंत्री ने आज उनकी पत्नी फिरोज तिग्गा को मुख्यमंत्री राहत कोष से दो लाख रुपये का चेक प्रदान किया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More