चेन्नई से सुरक्षित झारखंड लौटे पाकुड़ के पांच आदिवासी श्रमिक, भाजपा कार्यकर्ताओं ने की मदद

जमशेदपुर : चेन्नई से 5 आदिवासी प्रवासी मजदूर सुरक्षित अपने प्रदेश झारखंड लौट आए हैं. ये मजदूर शनिवार को भूखे पेट जमशेदपुर के करणडीह पहुंचे, जिनकी स्थानीय भाजपा नेता रमेश हांसदा ने मदद की. साकची के एक होटल में रमेश हांसदा ने इन लोगों के भोजन का प्रबंध किया और फिर पार्टी कार्यालय लाकर उन्हें बस से पाकुड़ भेजने का प्रबंध किया. वे शनिवार की रात पाकुड़ के लिए रवाना होंगे और रविवार सुबह पहुंचेंगे.

इस दौरान प्रदेश कार्यसमिति सदस्य भरत सिंह, जिला अध्यक्ष गुंजन यादव, रमेश हासंदा, रमेश बसेक आदि मौजूद थे और सभी ने मिल कर उन्हें पाकुड़ भेजने का प्रबंध किया. इस दौरान जिलाध्यक्ष गुजन यादव ने कहा कि राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा था कि प्रवासी मजदूरों को कोई दिक्कत नहीं होने दी जाएगी, उनके लिए सारा प्रबंध किया जाएगा, किसी को काम की कमी नहीं होगी. लेकिन, वास्तव में सरकार सिर्फ बयानबाजी करती है. वहीं, भरत सिंह ने कहा कि राज्य सरकार प्रवासी मजदूरों के मामले में विफल है.

रमेश हांसदा ने कहा कि संताल परगना झामुमो का गढ है फिर भी सरकार को वहां के आदिवासियों से कोई मतलब नहीं है. मजदूरों का सहयोग करने वालों मे रमेश बास्के, बिना नंद सिरका, संजय मुंडा, आशुतोष दास, महाबीर कर्मकार, विनोद गुप्ता आदि भी शामिल हैं.

मजदूरों की मदद के लिए दुमका के सामाजिक कार्यकर्ता सच्चिदानंद सोरेन ने भी विभिन्न लोगों को ट्वीट किया था व मदद की गुहार लगायी थी.

अन्य प्रांतों से आने वाले मजदूर का नाम :

कानहू सोरेन, डाहरलामी लिट्टीपड़ा, पाकुड़
रावण हांसदा, दोमहानि, पाकुड़िया
राजेश मुर्मू, सोनाढानी लिट्टीपाड़ा
शिवधन मुर्मू बरामसिया, लिट्टीपाड़ा
विभीषण टुडू.

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More